हाल ही में, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा श्रीवास्तव ने अपने पति की सेहत के बारे में बात की है। आइए आपको बताते हैं उन्होंने क्या कहा है।
भारत के लोकप्रिय स्टैंड-अप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव (Raju Srivastava) गंभीर रूप से अस्वस्थ हैं और वर्तमान में दिल का दौरा पड़ने के बाद पिछले एक सप्ताह से नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत गंभीर है, लेकिन डॉक्टर चमत्कार की उम्मीद कर रहे हैं। इस बीच उनकी पत्नी शिखा श्रीवास्तव ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में कॉमेडियन का हेल्थ अपड़ेट दिया है और उनके बारे में बात भी की है।
पहले ये जान लीजिए कि, राजू श्रीवास्तव ने कई फिल्मों और कॉमेडी शोज में काम किया है, जिसमें 'मैंने प्यार किया', 'बाजीगर', 'बॉम्बे टू गोवा' और 'आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया' जैसी फेमस फिल्में शामिल हैं। वहीं कॉमेडी शोज की बात करें, तो उन्होंने 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' में भाग लिया था, जिसके बाद से उनकी किस्मत चमक गई थी।
(ये भी पढ़ें- KBC 14: कंटेस्टेंट ने शो में किया ऐश्वर्या का जिक्र, देखिए अमिताभ बच्चन का मजेदार रिएक्शन)
अब बात करते हैं राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा के लेटेस्ट इंटरव्यू की। दरअसल, शिखा ने 'ईटाइम्स टीवी' से खास बातचीत की है, जिसमें उन्होंने बताया कि, राजू की हालत स्थिर है और सभी से अफवाहें ना फैलाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि, यह बहुत परेशान करने वाला है।
बकौल शिखा, "राजू जी का स्वास्थ्य स्थिर है और डॉक्टर बहुत लगन से अपना काम कर रहे हैं। पूरा मैनेजमेंट दिन-रात काम कर रहा है कि, राजू जी जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। हमें उन पर पूरा भरोसा है और राजू जी एक फाइटर हैं। वह इसे लड़ेंगे और आप सभी का मनोरंजन करने के लिए वापस आएंगे, यह मेरा आप सभी से वादा है। हमें शुभकामनाएं और आशीर्वाद मिल रहे हैं। बहुत सारे लोग प्रार्थना कर रहे हैं और उनके स्वास्थ्य के लिए पूजा कर रहे हैं। मुझे पता है कि, प्रार्थना निरुत्तर नहीं होने वाली है। मैं बस चाहती हूं कि, सभी उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करना जारी रखें।"
डॉक्टरों के हार मानने और चमत्कार की उम्मीद करने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर राजू की पत्नी ने कहा, "डॉक्टर भगवान के रूप में पृथ्वी पर मौजूद हैं। वे बहुत अच्छा कर रहे हैं, ये अफवाहें निराधार हैं कि, उन्होंने हार मान ली है। चीजें चिकित्सकीय रूप से संभाली जा रही हैं और सब सही होने में समय लगेगा। हमें संघर्ष करना होगा और संघर्षों के खत्म होने का धैर्यपूर्वक इंतजार करना होगा। डॉक्टर और राजू जी दोनों लड़ रहे हैं और सभी को सकारात्मक परिणाम बहुत जल्द पता चल जाएगा। मैं वादा करती हूं कि, राजू जी मनोरंजन के लिए वापस आएंगे।"
शिखा ने सभी से कॉमेडियन के स्वास्थ्य के बारे में अफवाह न फैलाने का भी अनुरोध किया। उनका कहना है कि, उनका परिवार बहुत भावनात्मक स्थिति में है और यह परेशान करने वाला है।
इससे पहले, 'ईटाइम्स टीवी' ने राजू श्रीवास्तव के भतीजे कुशल से बात की थी, जिन्होंने साझा किया था कि, कॉमेडियन की हालत गंभीर हो गई थी। कुशल ने कहा था, "हम उम्मीद कर रहे हैं और एक चमत्कार के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। हां, डॉ पद्मा श्रीवास्तव कोलकाता से दिल्ली के लिए उड़ान भर रही हैं, उन्हें आज शाम तक यहां पहुंच जाना चाहिए।"
(ये भी पढ़ें- निक्की तंबोली ने 'BF' संग शेयर कीं तस्वीरें, लिखा- 'मेरे प्रेमी को जन्मदिन मुबारक हो')
फिलहाल, हम भी राजू श्रीवास्तव के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। वैसे, कॉमेडियन की पत्नी शिखा की प्रतिक्रिया पर आपका क्या कहना है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।