कुछ समय पहले, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद से वह अस्पताल में भर्ती हैं। अब उनकी बेटी अंतरा ने हेल्थ अपडेट बताई है। आइए आपको बताते हैं उन्होंने क्या कहा है।
मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव (Raju Srivastava) को 10 अगस्त 2022 को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद से वह अस्पताल में भर्ती हैं। हाल ही में, उनकी बेटी अंतरा ने अपने पिता और उनकी हेल्थ के बारे में बात की है।
पहले ये जान लीजिए कि, राजू श्रीवास्तव ने कई फिल्मों और कॉमेडी शोज में काम किया है, जिसमें 'मैंने प्यार किया', 'बाजीगर', 'बॉम्बे टू गोवा' और 'आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया' जैसी फेमस फिल्में शामिल हैं। वहीं कॉमेडी शोज की बात करें, तो उन्होंने 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' में भाग लिया था, जिसके बाद से उनकी किस्मत चमक गई थी।
(ये भी पढ़ें- तैमूर और जहांगीर ने बहन इनाया संग मनाई राखी, बुआ सोहा शेयर कीं तस्वीरें)
राजू को ट्रेडमिल पर दौड़ते हुए दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद से उनकी हालत बेहद नाजुक है। दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कॉमेडियन की एंजियोप्लास्टी सर्जरी की गई है और वह अब वेंटिलेटर पर हैं। अब उनकी बेटी अंतरा ने इस बारे में बात करते हुए अपना दर्द लोगों के साथ साझा किया है।
अंतरा ने कहा कि, उन्हें दिल से जुड़ी कोई बीमारी नहीं थी और वह एकदम फिट थे। अंतरा ने कहा, ''मेरे पापा काम की वजह से दिल्ली समेत कई अलग जगहों पर घूमते थे। वह हमेशा एक्सरसाइज करते थे। वह कभी भी इसे मिस नहीं करते थे। वह पूरी तरह से ठीक थे और उन्हें दिल से जुड़ी कोई भी बीमारी नहीं थी। ये हमारे लिए काफी हैरान करने वाली बात है।'' साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि, उनकी मां उनके पिता के साथ ही हैं।
आगे अंतरा ने कहा कि, उनकी सेहत में न तो कई सुधार आया है और न ही उनकी तबीयत बिगड़ी है। बकौल अंतरा, ''उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टर्स अपना बेस्ट दे रहे हैं और हम प्रार्थना कर रहे हैं कि, वह जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।''
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो राजू की एंजियोग्राफी हुई थी, जिसमें उनके दिल के एक बड़े हिस्से में 100 फीसदी ब्लॉकेज मिला है। यही कारण है कि, उनकी हालत नाजुक है और वह वेंटिलेटर पर हैं। कॉमेडियन के फैंस उनके लिए लगातार दुआ कर रहे हैं और उनका परिवार उनके लिए काफी चिंतित है।
(ये भी पढ़ें- टीना अंबानी ने रक्षाबंधन पर पति अनिल और उनकी बहनों की तस्वीरें कीं शेयर, लिखा प्यार भरा नोट)
फिलहाल, हम भी राजू श्रीवास्तव के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।