यहां हम आपको मुकेश अंबानी की 'छोटी बहू' राधिका मर्चेंट की टोटल नेट वर्थ और महंगी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके बारे में जानकर आप चौंक जाएंगे। आइए जानते हैं।
Radhika Merchant Net Worth: बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के परिवार में जल्द ही एक नए सदस्य की एंट्री होने वाली है और यह नया सदस्य कोई और नहीं बल्कि उनकी होने वाली छोटी बहू राधिका मर्चेंट (Radhika Merchant) हैं, जिनकी हाल ही में अनंत अंबानी के साथ सगाई हुई है। राधिका और अनंत की सगाई अंबानी आवास 'एंटीलिया' में 19 जनवरी 2023 को हुई थी। तब से राधिका लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। सब उनके बारे में हर चीज जानना चाहते हैं। ऐसे में यहां हम आपको उनकी नेट वर्थ और कुछ महंगी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं। चलिए जानते हैं।
राधिका मर्चेंट 'एनकोर हेल्थकेयर' के सीईओ व दिग्गज बिजनेसमैन वीरेन मर्चेंट और शैला मर्चेंट की बेटी हैं। 'एनकोर हेल्थकेयर' देश की एक बड़ी दवा निर्माण कंपनी है, जो वीरेन के स्वामित्व में एक बड़ी कंपनी के रूप में उभरी है।
गुजरात के कच्छ की रहने वालीं राधिका मर्चेंट ने अपनी स्कूली शिक्षा मुंबई के दो अलग-अलग स्कूलों 'कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल' और 'इकोले मोंडियल वर्ल्ड स्कूल' से की है। इसके बाद उन्होंने 'न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय' से राजनीति और अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। अपनी पढ़ाई खत्म करने के बाद राधिका 2017 में बिक्री कार्यकारी के रूप में एक लक्ज़री हॉलीडे होम डेवलपर 'Isprava Group' में शामिल हुईं। Isprava को नादिर गोदरेज, आनंद पीरामल और 'डाबर इंडिया' के बर्मन परिवार का समर्थन प्राप्त है। इससे पहले, उन्होंने 'इंडिया फर्स्ट ऑर्गनाइजेशन' में भी इंटर्नशिप की थी। वर्तमान में, वह 'एनकोर हेल्थकेयर' के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का हिस्सा हैं।
राधिका एक ट्रेन्ड भरतनाट्यम डांसर हैं, जिन्होंने पिछले साल अपने डांस के औपचारिक प्रशिक्षण को पूरा किया था। पिछले साल मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में राधिका की 'अरंगेत्रम' सेरेमनी आयोजित की गई थी। अरंगेत्रम एक डांसर के तौर पर ऑफिशियली प्रशिक्षण पूरा करने पर डांसर की पहला स्टेज परफॉर्मेंस होता है। राधिका की परफॉर्मेंस का वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें।
'डीएनए' के मुताबिक, राधिका मर्चेंट की नेटवर्थ 8 करोड़ रुपए से 10 करोड़ रुपए के बीच है। उनकी अधिकांश आय उनके पारिवारिक व्यवसाय 'एनकोर हेल्थकेयर' से प्राप्त होती है। दूसरी ओर, उनके पिता वीरेन मर्चेंट की कुल संपत्ति 755 करोड़ रुपए है। 'टाइम्स नाउ' के अनुसार, वीरेन न केवल 'Encore Healthcare' के सीईओ हैं, बल्कि वे 'Encore Natural Polymers', 'Encore Polyfrac Products', 'Encore Business Centre', 'Saidarshan Business Centers' और 'ZYG Pharma' के निदेशक भी हैं।
राधिका मर्चेंट देश के अमीर परिवारों में से एक से ताल्लुक रखती हैं और जल्द ही वह एशिया के अमीर उद्योगपतियों में से एक मुकेश अंबानी के घर की बहू बनने जा रही हैं। ऐसे में उनके पास महंगी और लग्जरी चीजें होना लाजमी है। अपनी रोका सेरेमनी के लिए राधिका ने गोटा पट्टी वर्क वाला एक गुलाबी सूट पहना था, जबकि मेहंदी के लिए उन्होंने फ्यूशिया पिंक लहंगा पहना था, जिसे मशहूर डिजाइनर जोड़ी अबू जानी संदीप खोसला ने डिजाइन किया था। उनकी महंगे आइटम्स में लग्जरी बैग्स, जूते और कपड़े शामिल हैं। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की शादी में राधिका को 'Judith Leiber' क्लच के साथ देखा गया था, जिसकी कीमत 4,195 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 3 लाख रुपए है। क्रिस्टल से ढके इस क्लच में लेदर लाइन वाला इंटीरियर है और इसे इटली में बनाया गया है।
अरमान जैन और अनीसा मल्होत्रा की शादी में उन्होंने जो 'राहुल मिश्रा' द्वारा डिजाइन किया गया लहंगा पहना था, उसकी कीमत 'SCMP' के हिसाब से 4,194 यूएस डॉलर यानी 3 लाख रुपए से ज्यादा है। राधिका के लहंगे के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें।
जानकारी के लिए बता दें कि राधिका और अनंत का रोका समारोह 29 दिसंबर 2022 को राजस्थान के नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर में आयोजित हुआ था, जिसमें पूरा अंबानी परिवार शामिल हुआ था। इसके बाद मुबई स्थित 'एंटीलिया' में 19 जनवरी 2023 को दोनों की सगाई हुई थी। अब कुछ महीनों बाद दोनों शादी के बंधन में बंध जाएंगे।
फिलहाल, राधिका की नेट वर्थ के बारे में ये जानकारी आपको कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।