हाल ही में, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर ने अपनी बेटी का स्वागत किया है। आइए आपको उनकी बच्ची की पहली झलक दिखाते हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) और उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर (Gurpreet Kaur) इस समय काफी खुश हैं, क्योंकि 28 मार्च 2024 को कपल ने बेटी का स्वागत किया है। उन्होंने अपने 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट शेयर कर अपनी बच्ची की पहली झलक भी दिखाई है।
पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री भगवंत ने अपनी बेटी का चेहरा दिखाते हुए अपने 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की और कहा, "भगवान ने बेटी का उपहार दिया है... मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।"
पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के चार महीने बाद भगवंत मान ने जुलाई 2022 में गुरप्रीत से चंडीगढ़ में दूसरी शादी की थी। भगवंत मान ने लुधियाना में 'गणतंत्र दिवस' (2024) समारोह में अपने संबोधन के दौरान अपनी इस 'गुड न्यूज' की अनाउंसमेंट की थी।
इसके बाद उन्होंने लोगों से लिंग निर्धारण परीक्षण के विचार को खारिज करने का आग्रह किया था। 'हिंदुस्तान टाइम्स' की एक रिपोर्ट में उनके हवाले से कहा गया था, “मैं भी मार्च (2024) में अपने घर में खुशियां आने की उम्मीद कर रहा हूं। मेरी पत्नी सात महीने की गर्भवती हैं। हमने जानबूझकर लिंग की जांच न करने का निर्णय लिया है और भविष्य में भी ऐसा नहीं करेंगे। मैं सभी से ऐसी प्रथाओं से बचने का आग्रह करता हूं।”
भगवंत मान और डॉ. गुरप्रीत कौर की वेडिंग फोटोज देखने के लिए यहां क्लिक करें।
बता दें कि 'आम आदमी पार्टी' के 50 वर्षीय नेता ने पहली शादी इंदरप्रीत से की थी, जिनसे उन्होंने 2015 में तलाक ले लिया था। उस शादी से उनके दो बच्चे बेटी सीरत कौर मान (23) और बेटा दिलशान सिंह मान (19) हैं।
फिलहाल, हम भी भगवंत मान को फिर से पिता बनने की ढेर सारी बधाई देते हैं।