एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर अपने रेस्टोरेंट 'सोना' की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वह अपने रेस्टोरेंट के देसी खाने का लुत्फ उठाती हुई नजर आ रही हैं। आइए आपको दिखाते हैं वो तस्वीरें।
बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी एक्टिंग के दम पर धमाल मचाने के बाद एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) एक बिजनेस वुमन भी बन चुकी हैं। एक्ट्रेस ने इसी साल मार्च में न्यूयॉर्क में ‘सोना’ नाम का इंडियन रेस्टोरेंट खोला था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। हाल ही में, प्रियंका चोपड़ा अपने इस रेस्टोरेंट में पहली बार पहुंचीं, जिसकी तस्वीरें एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। आइए आपको दिखाते हैं वो तस्वीरें।
दरअसल, शनिवार यानी 26 जून 2021 को प्रियंका चोपड़ा अपने दोस्तों के साथ अपने रेस्टोरेंट ‘सोना’ में पहली बार गईं। इस खास मौके की तस्वीरें एक्ट्रेस ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं, जिसमें प्रियंका अपने दोस्तों के साथ देसी खाने का लुत्फ उठाती हुई नजर आ रही हैं। पहली तस्वीर में देखा जा सकता है कि, प्रियंका चोपड़ा अपने रेस्टोरेंट ‘सोना’ के मेन गेट पर खड़ी हैं और कैमरे की तरफ देखकर हाय का पोज दे रही हैं। दूसरी तस्वीर में वह होटल के कुछ स्टाफ के साथ नजर आ रही हैं। वहीं, तीसरी तस्वीर में वह इंडियन स्ट्रीट फूड ‘गोलगप्पे’ खाती हुई देखी जा सकती हैं।
(ये भी पढ़ें: प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की सालाना कमाई है करोड़ों में, कुल संपत्ति जानकर हो जाएंगे हैरान)
चौथी तस्वीर में देखा जा सकता है कि, प्रियंका चोपड़ा अपनी गर्ल गैंग के साथ नजर आ रही हैं। वहीं, पाचंवी तस्वीर एक टेबल की है, जिस पर रखी प्लेट में गोलगप्पे रखे हुए हैं और सभी उन गोलगप्पों को उठा रहे हैं। छठी तस्वीर में देखा जा सकता है कि, रेस्टोरेंट में प्रियंका चोपड़ा अपने दोनों हाथ जोड़कर खड़ी हैं। इस दौरान एक्ट्रेस के चेहरे पर अपना रेस्टोरेंट खुलने की खुशी साफ देखी जा सकती है। आखिरी तस्वीर भी प्रियंका चोपड़ा की है, जिसमें वह दीवार पर लिखे ‘मिमिस’ को देखकर स्माइल करती नजर आ रही हैं। ये दीवार उनके प्राइवेट डायनिंग रूम में बनी हुई है। प्रियंका चोपड़ा की इन तस्वीरों को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
(ये भी पढ़ें: अनुष्का शर्मा से करीना कपूर तक लाखों का बैग लेकर चलती हैं ये 10 एक्ट्रेसेस, यहां देखें लिस्ट)
इन तस्वीरों के साथ प्रियंका चोपड़ा ने एक लंबा-चोड़ा कैप्शन भी दिया है, जिमसें उन्होंने पहली बार ‘सोना’ में आने की खुशी जाहिर की है। एक्ट्रेस ने लिखा है, ‘मुझे यकीन नहीं हो रहा है कि, मैं आखिरकार ‘सोना’ में हूं और अपने तीन साल की प्लानिंग के बाद मेहनत को देख पा रही हूं। मेरा किचन में जाकर और उस टीम से मिलने के बाद दिल भर गया, जिन्होंने ‘सोना’ को लेकर इतना अच्छा अनुभव बनाया है। मेरे नाम के प्राइवेट डाइनिंग रूम, मिमीज से लेकर भव्य इंटीरियर तक, भारतीय कलाकारों की शानदार कला (बिक्री के लिए), स्वादिष्ट खाना और ड्रिंक, ‘सोना’ का अनुभव बहुत अनोखा है, जो न्यूयॉर्क शहर के बीचों बीच बसा मेरे दिल का हिस्सा है।’
(ये भी पढ़ें: प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की पांच सबसे महंगी चीजें, आलीशान बंगले से 5.25 करोड़ की कार तक है शामिल)
जानकारी के लिए बता दें कि, प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस ने साल 2019 में अपने रेस्टोरेंट के लिए भूमि पूजा की थी। इसके बाद कपल ने 2021 के मार्च महीने में अपने आलीशान रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया था, जिसकी जानकारी एक्ट्रेस ने 6 मार्च 2021 को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। इन तस्वीरों में एक्ट्रेस अपने पति व करीबी लोगों के साथ पूजा करती हुई नजर आ रही थीं।
इन तस्वीरों के साथ प्रियंका चोपड़ा ने लिखा था, ‘मैं आपके सामने SONA को पेश करते हुए बहुत रोमांचित महसूस कर रही हूं। NYC में एक नया रेस्टोरेंट, जहां पर मैंने भारतीय खाने के लिए अपना प्यार उड़ेल दिया है। SONA उन भारतीय जायकों का प्रतीक है, जिनके साथ मैं बड़ी हुई हूं। किचन का संचालन करेंगे शेफ हरि नायक, जो बेहद टैलेंटेड हैं। उन्होंने बहुत स्वादिष्ट और इनोवेटिव मेन्यू तैयार किया है। जो आपको मेरे देश की फूड यात्रा पर ले जाएगा।' प्रियंका ने आगे लिखा था, 'SONA इसी महीने खुल रहा है और मैं आप सभी को वहां पर देखना का इंतजार नहीं कर पा रही हूं। ये प्रयास मेरे दोस्त मनीष गोयल और डेविड रॉबिन के बिना संभव नहीं हो सकता था।' उन्होंने ये भी बताया था कि, इस पोस्ट में दूसरी और तीसरी तस्वीर सितंबर 2019 में ली गई थी, जब हमने इस स्थान के लिए एक छोटी सी पूजा रखी थी।
फिलहाल, इस बात में कोई शक नहीं है कि, प्रियंका चोपड़ा अपने रेस्टोरेंट में आकर काफी ज्यादा खुश थीं। तो एक्ट्रेस का ये रेस्टोरेंट आपको कैसा लगा? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं और अगर आप हमें कोई सुझाव देना चाहते हैं, तो जरूर दें।