बॉलीवुड एक्ट्रेस नीना गुप्ता ने अपनी बायोग्राफी में अपनी पहली शादी के बारे में बात की है। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।
एक ऐसी बॉलीवुड अभिनेत्री, जिसने अपनी विचारधाराओं से कभी समझौता नहीं किया और कभी पुरुषवादी सोच व सामाजिक बंधनों के आगे सिर नहीं झुकाया। यहां तक कि, जब उसके आस-पास की परिस्थितियां विषम थीं, तब भी उसने खुद पर विश्वास किया और आगे बढ़ीं, सभी चुनौतियों का सामना करते हुए अपने सिर को ऊंचा रखा। जी हां! हम बात कर रहे हैं, एक्ट्रेस नीना गुप्ता (Neena Gupta) की।
नीना गुप्ता की जिंदगी कभी सुखमय नहीं रही। अपनी सगाई टूटने से लेकर पहले से ही शादीशुदा आदमी के प्यार में पड़ने और बाद में बिना शादी के ही बच्चे को जन्म देने तक, नीना ने अपनी लाइफ में बहुत कुछ झेला है। जिस समय एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को बहुत घृणित निगाहों से देखा जाता था, उस समय नीना को विवाहित क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स से प्यार हो गया था। यही नहीं, नीना ने बिना शादी के ही बेटी मसाबा को भी जन्म दिया। बिना किसी से कुछ भी उम्मीद किए, नीना ने अकेले ही अपनी बेटी की परवरिश की। एक्ट्रेस की यहां तक की लाइफ के बारे में तो हर कोई जानता है, लेकिन क्या आपको पता है कि, नीना ने विवियन रिचर्ड्स के प्यार में पड़ने से पहले ही एक शादी रचाई थी। नहीं पता, तो आइए हम आपको इसके बारे में बताते हैं।
(ये भी पढ़ें: नीना गुप्ता: एक ऐसी एक्ट्रेस जो शादी के पहले बनी मां, 49 साल में हुआ प्यार और रचाई शादी)
दरअसल, अपनी किताब 'सच कहूं तो' में नीना ने अमलान कुमार घोष से अपनी पहली शादी के बारे में विस्तार से लिखा है। नीना ने किताब में खुलासा किया है कि, वह एक इंटर-कॉलेज कार्यक्रम के दौरान अमलान से मिली थीं, और दोनों को एक-दूसरे को देखते ही प्यार हो गया था। अमलान के पैरेंट्स दूसरे शहर में रहते थे, लेकिन उनके दादा, नीना के पड़ोसी थे। इसके कारण दोनों को मुलाकात के मौके मिलते रहते थे और दोनों ने बहुत से त्यौहार और छुट्टियां एक साथ बिताईं। नीना ने आगे लिखा है, "उनके लिए बॉयफ्रेंड रखना सख्त रूप से मना था, लेकिन इसका अनुभव बहुत रोमांचक था।" दोनों ने आईआईटी दिल्ली के पास बहुत समय बिताया था।
नीना ने अमलान के साथ अपने रिश्ते को छुपाकर रखा, लेकिन समय के साथ दोनों इसको लेकर गंभीर हो गए और नीना ने अपनी मां को इसके बारे में बताने का फैसला किया। नीना की मां इस बात से खुश नहीं थीं, और हर माता-पिता की तरह उन्होंने भी अपनी बेटी नीना को कंट्रोल में रखने की कोशिश की और उनकी स्वतंत्रता को सीमित दायरे में कर दिया था।
अमलान से शादी करने के फैसले के बारे में बात करते हुए नीना ने खुलासा किया कि, एक बार जब अमलान और उसके दोस्तों ने छुट्टी के लिए श्रीनगर जाने का फैसला किया, तो नीना भी उनके साथ जाना चाहती थीं। लेकिन उनकी मां ने उन्हें अनुमति नहीं दी और उनसे कहा कि, वह शादी के बाद ही उसके साथ जा सकती हैं। इसलिए नीना ने सिर्फ अपने परिवार की मौजूदगी में आर्य समाज के एक मंदिर में अमलान से शादी कर ली। चूंकि अमलान के माता-पिता को उनका रिश्ता मंजूर नहीं था, इसलिए नीना और अमलान ने उन्हें अपनी शादी के बारे में जानकारी ही नहीं दी।
शादी के बाद नीना और अमलान श्रीनगर चले गए और लौटने के बाद दोनों दिल्ली में एक छोटे से फ्लैट में शिफ्ट हो गए। इसके बाद अमलान ने नौकरी की तलाश शुरू की और नीना ने दिल्ली विश्वविद्यालय में संस्कृत में मास्टर डिग्री के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया। नीना ने अपना थिएटर भी जारी रखा, समय के साथ नीना ने एक्ट्रेस बनने का सपना देखा। लेकिन अमलान इससे खुश नहीं थे, क्योंकि वह चाहते थे कि, नीना एक गृहिणी बनकर ही रहें।
इस तरह, शादी के कुछ दिनों बाद नीना और अमलान ने महसूस किया कि, दोनों को अब अलग हो जाना चाहिए। अपनी किताब में नीना ने खुलासा किया है कि, उनकी शादी को कुछ ही समय बीता था, और हमने उनसे ज्यादा लड़ाई नहीं की। एक साल के भीतर दोनों ने सौहार्दपूर्ण तरीके से अलग होने का फैसला किया। अमलान को "अद्भुत व्यक्ति" कहते हुए नीना ने साझा किया है कि, उनके चाचा ने उनकी तलाक की कार्यवाही में उनकी मदद की थी। बता दें कि, नीना की बायोग्राफी 'सच कहूं तो' जून 2021 में रिलीज़ हुई थी। इसमें उनकी लाइफ के बारे में कई खुलासे किए गए हैं।
मौजूदा समय की बात करें तो, साल 2002 में नीना की मुलाकात दिल्ली के एक चार्टेड अकाउंटेंट विवेक मेहरा से हुई। दोनों ने करीब 6 साल एक-दूसरे को डेट किया। इसके बाद जुलाई 2008 में दोनों यूएस में एक शादी अटेंड करने गए थे, वहीं विवेक ने नीना को शादी के लिए प्रपोज किया था। इसके बाद नीना ने 49 साल की उम्र में विवेक से शादी कर ली। दोनों शादी के बाद से खुश हैं। नीना और विवेक दोनों अब साथ रहते हैं। वहीं, एक्ट्रेस की बेटी मसाबा एक मशहूर फैशन डिजाइनर हैं।
तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी, हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।