शोभिता धुलिपाला और नागा चैतन्य के सगाई करने के बाद एक्टर के पिता नागार्जुन ने अपनी होने वाली बहू का अपने परिवार में स्वागत किया है। आइए आपको बताते हैं।
साउथ सुपरस्टार नागार्जुन अक्किनेनी के बेटे और एक्टर नागा चैतन्य (Naga Chaitanya) इस समय काफी खुश हैं, क्योंकि उन्हें अपनी पूर्व पत्नी सामंथा रुथ प्रभु से तलाक के बाद एक बार फिर प्यार मिल गया है। जी हां, दरअसल नागा ने लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच, अपनी रूमर्ड गर्लफ्रेंड शोभिता धुलिपाला (Sobhita Dhulipala) संग सगाई कर ली है। अब, नागा चैतन्य के पिता नागार्जुन ने होने वाली बहू का अपने परिवार में स्वागत किया है।
रिपोर्टों पर विश्वास किया जाए, तो यह जोड़ी 2021 से सीक्रेटली एक-दूसरे को डेट कर रही है। अब, नागार्जुन ने चैतन्य की नई शुरुआत के बारे में अपनी खुशी व्यक्त की और एक हार्दिक नोट शेयर किया। नागार्जुन अक्किनेनी ने अपने 'एक्स' हैंडल से चैतन्य और शोभिता को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सगाई की दो तस्वीरें शेयर कीं और एक नोट शेयर किया।
उन्होंने कपल को जीवन भर की प्यार और खुशियों की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “हमें अपने बेटे नागा चैतन्य की सगाई शोभिता धुलिपाला से करते हुए खुशी हो रही है, जो आज सुबह 9:42 बजे हुई!! हम अपने परिवार में उनका स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं। हैप्पी कपल को बधाई! उन्हें जीवन भर प्यार और खुशियों की शुभकामनाएं। भगवान आशीर्वाद दें! 8.8.8 अनंत प्रेम की शुरुआत।"
नागार्जुन ने अपने बेटे और होने वाली बहू के लिए जो नोट शेयर किया, उसके कैप्शन के आखिरी हिस्से ने हमारा ध्यान खींचा, क्योंकि उन्होंने इसमें 8.8.8 का ज़िक्र किया था। दरअसल, उनकी सगाई 8 अगस्त 2024 को हुई है। यानी 8 तारीख के साथ आठवां महीना और साल 2024 के अंकों को जोड़ने पर भी हमें 8 नंबर मिलता है। 8 नंबर अनंत का प्रतीक है। यही वजह है कि '8.8.8' नागा चैतन्य और शोभिता के जीवन में एक खास महत्व रखता है, क्योंकि यह उनके अनंत प्रेम की शुरुआत का प्रतीक है।
नागा संग अपनी सगाई के लिए शोभिता धुलिपाला ने पीच कलर की सिल्क साड़ी पहनी थी, जिसके बॉर्डर पर जटिल कढ़ाई की गई थी। उन्होंने इसे मैचिंग एम्बेलिश्ड ब्लाउज़ के साथ पेयर किया था। गजरे से सजी लो बन, हल्का मेकअप और छोटी सी बिंदी ने उनके लुक को और भी निखार दिया था। दूसरी ओर, चैतन्य व्हाइट कुर्ता और मैचिंग दोशाला में अच्छे लग रहे थे।
फिलहाल, नागा चैतन्य और शोभिता के लिए नागार्जुन द्वारा शेयर की गई पोस्ट पर आपका क्या कहना है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।