रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने 'रिलायंस फैमिली डे' पर अपने भाषण के दौरान पृथ्वी अंबानी के दादा के रूप में अपनी नई भूमिका पर बात की। आइए आपको इस बारे में बताते हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने हाल ही में व्यक्त किया कि, पृथ्वी आकाश अंबानी के दादा होने की उनकी नई यात्रा कैसे खुशी से भरी है। रिलायंस इंडस्ट्री के संस्थापक धीरूभाई अंबानी की 89वीं जयंती के मौके पर आयोजित रिलायंस फैमिली डे 2021 के डिजिटल कार्यक्रम के दौरान मुकेश ने अपने पोते का जिक्र किया। आइए आपको इस बारे में बताते हैं।
पहले तो ये जान लीजिए कि, 10 दिसंबर 2020 को मुकेश और नीता के बड़े बेटे आकाश अंबानी और श्लोका मेहता ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था। अंबानी परिवार के प्रवक्ता के एक आधिकारिक बयान में अंबानी परिवार की अगली पीढ़ी के आने की घोषणा की गई थी। बयान में श्लोका और तत्कालीन नवजात शिशु के स्वास्थ्य अपडेट का भी खुलासा हुआ था। बयान में बताया गया था कि, "भगवान कृष्ण की कृपा और आशीर्वाद से, श्लोका और आकाश अंबानी आज मुंबई में एक बच्चे के माता-पिता बन गए। नीता और मुकेश अंबानी पहली बार दादा-दादी बनकर खुश हैं, क्योंकि उन्होंने धीरूभाई और कोकिलाबेन अंबानी के परपोते का स्वागत किया है। मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं। नए आगमन से पूरे मेहता और अंबानी परिवार में अपार खुशी आई है।"
(ये भी पढ़ें: जब जींस टीशर्ट में गोल्डन टेंपल पहुंची थीं नीता अंबानी, सिर पर पल्लू किए दिखी थीं बेहद खूबसूरत)
वहीं, 28 दिसंबर 2021 को मुकेश अंबानी ने अपने सहयोगियों, दोस्तों और परिवार को संबोधित करते हुए दादा-दादी होने के अपने नए सफर को साझा किया। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत अंबानी परिवार के सबसे नए सदस्य का स्वागत करते हुए की और खुलासा किया कि, वह उनके जीवन में अपार खुशियां लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि, "पृथ्वी हमारे परिवार का सबसे नया सदस्य है। पिछले एक साल में, उसने हमारे जीवन में असीम आनंद लाया है। मुझे यकीन है कि, आप में से सभी माता-पिता और दादा-दादी ने अपने बच्चों के साथ समान आनंद का अनुभव किया है।"
इस वर्चुअल मीटिंग के दौरान मुकेश अंबानी ने महामारी ने उन्हें जो सबक सिखाया है, उसे भी साझा किया। उन्होंने कहा कि, इस दौर में सबसे पहले 'परिवार' है। उन्होंने साझा किया कि, ''वर्क फ्रॉम होम' संस्कृति ने हमें अपने बच्चों, माता-पिता और जीवनसाथी के साथ अधिक समय बिताने में सक्षम बनाया है। आखिर वे इस कठिन समय में हमारी ताकत रहे हैं।"
(ये भी पढ़ें: जब मुकेश अंबानी मीटिंग में हल करने लगे थे बेटी ईशा के गणित के सवाल, पत्नी नीता ने बताया था किस्सा)
इसी कार्यक्रम में मुकेश अंबानी ने रिलायंस इंडस्ट्री के नेतृत्व को अपने बच्चों को सौंपने के बारे में भी बात की। देश के सबसे अमीर व्यक्ति अंबानी ने देश की सबसे मूल्यवान कंपनी में उत्तराधिकार को लेकर पहली बार कोई वक्तव्य देते हुए कहा, 'बड़े सपनों और नामुमकिन नजर आने वाले लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सही लोगों को जोड़ना और सही नेतृत्व होना जरूरी है। रिलायंस अब एक महत्वपूर्ण नेतृत्व बदलाव को अंजाम देने की प्रक्रिया में है। यह बदलाव मेरी पीढ़ी के वरिष्ठों से नए लोगों की अगली पीढ़ी को होगा।' उन्होंने कहा कि, वह इस प्रक्रिया को तेज करना चाहेंगे। अंबानी ने अपने संबोधन में कहा, 'मुझे लेकर सभी वरिष्ठों को अब रिलायंस में बेहद काबिल, प्रतिबद्ध एवं प्रतिभाशाली युवा नेतृत्व को विकसित करना चाहिए। हमें उनका मार्गदर्शन करना चाहिए, उन्हें सक्षम बनाना चाहिए और प्रोत्साहित करना चाहिए और जब वे हमसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए दिखाई दें, तो हमें आराम से बैठकर तालियां बजानी चाहिए।' हालांकि, उन्होंने इस बारे में अधिक ब्योरा नहीं दिया।
जानकारी के लिए बता दें कि, मुकेश अंबानी ने अपने पिता धीरूभाई अंबानी से रिलायंस समूह की कमान संभाली थी। अब मुकेश अंबानी 64 साल के हो चुके हैं। ऐसे में वह अब इसे आगे की पीढ़ी को सौंपना चाहते हैं। वह इस प्रक्रिया को तेज करना चाहेंगे। ध्यान रहे कि, मुकेश और नीता को दो बेटे आकाश एवं अनंत और एक बेटी ईशा हैं।
(ये भी पढ़ें: मुकेश-नीता अंबानी 'पावर कपल' की लिस्ट में नंबर 1, विक्की-कैटरीना भी टॉप 10 में शामिल)
कुछ हफ़्ते पहले, हमें मुकेश अंबानी का उनके पोते पृथ्वी के साथ एक वीडियो मिला था। वीडियो में हम कोकिलाबेन अंबानी को कैमरे के लिए मुस्कुराते हुए देख सकते हैं, और उनके पीछे मुकेश अंबानी अपने पोते पृथ्वी के माथे पर किस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दादा और पोते की जोड़ी एक साथ सुपर क्यूट लग रही थी।
10 दिसंबर 2021 को आकाश अंबानी और श्लोका मेहता के बेटे पृथ्वी अंबानी एक साल के हो गए थे और अंबानी फैमिली ने उनके लिए एक भव्य जन्मदिन पार्टी आयोजित की थी। फिलहाल, ये बात तो साफ है कि, मुकेश अंबानी अपने पोते के आगमन से बेहद खुश हैं। तो आपकी अंबानी फैमिली की सादगी के बारे में क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।