हाल ही में, एक्ट्रेस मौनी रॉय ने शादी के बाद की अपनी पूल पार्टी से कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। आइए आपको दिखाते हैं।
एक्ट्रेस मौनी रॉय (Mouni Roy) ने अपने बैंकर बॉयफ्रेंड सूरज नांबियार से 27 जनवरी 2022 को गोवा में शादी रचाई। मौनी और सूरज एक-दूसरे की परंपराओं का सम्मान करते हुए मलयाली और बंगाली रीति-रिवाजों के अनुसार शादी के बंधन में बंधे थे। इसके वीडियोज और तस्वीरें इंटरनेट पर अभी भी जमकर वायरल हो रहे हैं। शादी के बाद 28 जनवरी 2022 को मौनी और सूरज ने अपने दोस्तों और परिवार के लिए एक पूल पार्टी रखी थी। हाल ही में, एक्ट्रेस ने इसकी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। आइए आपको दिखाते हैं।
27 जनवरी 2022 को शादी के बाद नवविवाहित दुल्हन मौनी रॉय का अपनी गर्ल गैंग के साथ बार काउंटर पर डांस करते हुए एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया था। मौनी अपनी पार्टी के बाद पूरी तरह से आधुनिक दुल्हन के लिबास में दिख रही थीं। वह एक स्लीवलेस रॉयल ब्लू और व्हाइट स्ट्राइप्ड लॉन्ग ड्रेस में नजर आ रही थीं। इस दौरान वह अपना शाखा पोला फ्लॉन्ट कर रही थीं। हर बंगाली दुल्हन शंख पोला पहनती हैं, क्योंकि यह बंगाली संस्कृति में एक विवाहित महिला का प्रतीक है। वीडियो में, हम मीत ब्रदर्स मनमीत सिंह, प्रतीक उटेकर और कुछ अन्य लोगों को भी देख सकते हैं।
(ये भी पढ़ें: मौनी राॅय का ससुराल में हुआ गृह प्रवेश, अंगूठी ढूंढने की रस्म का भी वीडियो आया सामने)
वहीं, आज यानी 31 जनवरी 2022 को मौनी रॉय ने अपने इंस्टा हैंडल से पूल पार्टी की तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में मौनी आधुनिक दुल्हन के रूप में दिख रही हैं, उन्हें क्रॉप टॉप और रैप स्कर्ट के साथ फ्लोरल प्रिंटेड कोऑर्डिनेटर पहने देखा जा सकता है। उनकी मेंहदी से सजे हाथ और शाखा पोला ने उनके लुक में नई दुल्हन का ग्रेस जोड़ दिया है। जहां एक तस्वीर में वह सूरज के इर्द-गिर्द डांस करती दिख रही हैं, वहीं दूसरी में वह खुशी-खुशी उन्हें गले लगाती नजर आ रही हैं। तीसरी तस्वीर ने उनकी पूल पार्टी को पूरी तरह से व्यक्त किया है। तस्वीरों को शेयर करते हुए मौनी ने लिखा, "कुछ अच्छा समय बिताना अच्छा है।"
(ये भी पढ़ें: उर्वशी रौतेला ने पहनी 40 करोड़ की सोने की ड्रेस, बनीं अरब फैशन वीक में वॉक करने वाली पहली भारतीय)
इसके अलावा, मौनी रॉय ने अपनी संगीत सेरेमनी से भी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन फोटोज में वह अपने भाई, पति और दोस्तों के साथ एंजॉय करती नजर आ रही हैं। इसे शेयर करते हुए मौनी ने कैप्शन में लिखा है, "संगीत में थके हुए पैरों की खुशी।" यहां देखें वो फोटोज।
27 जनवरी 2022 को मौनी रॉय ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपने पति सूरज नांबियार के साथ मलयाली शादी की तस्वीरें साझा की थीं। उनके यादगार सिंदूर पल से लेकर कपल की वरमाला की एक झलक तक, यह उनके विवाह समारोह से कुछ सपनों जैसी तस्वीरों का एक सेट था। तस्वीरों के साथ मौनी ने कैप्शन में लिखा था, "आखिरकार मैंने उन्हें ढूंढ ही लिया.. हाथ में हाथ डाले, परिवार और दोस्तों का आशीर्वाद, हम शादीशुदा हैं !!!!!!!!!!! आपके प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है ... 27.01.22 प्यार, सूरज और मौनी।" खैर, शादी के बाद मौनी रॉय और सूरज नांबियार की पूल पार्टी एक नया जीवन शुरू करने का एक शानदार तरीका है। वैसे, आपको कपल की पूल पार्टी की तस्वीरें कैसी लगीं? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।