इस आर्टिकल में हम आपको पॉपुलर सिंगर बादशाह की लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं। साथ ही यह भी बताएंगे कि, बादशाह अपनी पत्नी जैस्मीन से बेइंतहा मोहब्बत क्यों करते हैं।
अपने स्टेज नाम 'बादशाह' से फेमस आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया (Aditya Prteek Singh Sisodiya) का जन्म दिल्ली में हुआ था। प्रसिद्ध रैपर और गायक आदित्य ने चंडीगढ़ से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक किया, लेकिन उसमें अपना करियर नहीं बनाया। उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में अपना करियर बनाने के लिए सोचा। हालांकि, उनके पिता चाहते थे कि, वह रैपर की बजाय एक आईएएस अधिकारी बनें। लेकिन वह अपने सपनों को पूरा करने के लिए दृढ़ थे। उन्होंने, अपने पिता की बात नहीं मानी और वही बने, जो उनका सपना था।
साल 2020 में आया उनका गाना 'गेंदा फूल', भारतीय इतिहास के सबसे सफल गानों में से एक है। इसके अलावा, वह प्रसिद्ध रियलिटी शो, 'दिल है हिंदुस्तानी' में जज भी थे। सेलिब्रिटी होने के बाद भी बादशाह अपनी निजी जिंदगी के बारे में फैंस को बहुत कम जानकारी देते हैं। उन्हें पब्लिक के बीच अपनी पर्सनल लाइफ की बातें शेयर करना पसंद नहीं है। वह अपनी छोटी सी दुनिया में अपने परिवार के साथ खुश रहते हैं। बादशाह और उनकी पत्नी जैस्मीन एक-दूसरे को बहुत प्यार करते हैं।
वैसे तो, बादशाह हमेशा सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन उन्होंने अपनी शादी को काफी प्राइवेट ही रखा। इस प्रेमी जोड़े ने अपने माता-पिता और कुछ करीबी लोगों की मौजूदगी में लव-कम-अरेंज मैरिज की थी। बॉलीवुड रैपर, अपनी पत्नी जैस्मीन से एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में मिले थे। वास्तव में, इन लव बर्ड्स को म्यूजिक में रुचि थी, और बाद में दोनों की अच्छी बॉन्डिंग हो गई और उन्होंने साथ आने का फैसला किया।
बादशाह की पत्नी जैस्मीन, एक ईसाई परिवार से ताल्लुक रखती हैं, और उनकी एक अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि है। इसलिए जैस्मीन ने अपनी शादी में घोड़ी, बारात और फेरे को नहीं चुना। उन्होंने ईसाई रीति-रिवाजों से ही अपनी शादी रचाई। साल 2012 में बिना किसी मीडिया कवरेज के ये प्रेमी जोड़ा शादी के बंधन में बंध गया था। आपको जानकर हैरानी होगी कि, बादशाह की बेटी के जन्म के बाद फैंस को उनकी शादी के बारे में पता चला था।
( ये भी पढ़ें- बॉलीवुड के टॉप 5 सिंगर्स की लव लाइफ: एक से बढ़कर एक है इनकी प्रेम कहानी )
जैस्मीन मसीह, एक खूबसूरत और जवान लेडी हैं, जिन्होंने बादशाह के संघर्ष के दिनों में उनका साथ दिया। वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहीं, और इस तरह रैपर को लगा कि, वही उनकी जीवनसाथी बनने के लायक हैं। यही नहीं, जैस्मीन स्वभाव से बहुत शर्मीली और अंतर्मुखी हैं। वह खुद को चमक-दमक की दुनिया से दूर रखना पसंद करती हैं। बादशाह के फ्री-नेचर और जीवन के प्रति दृढ़ संकल्प को देखकर जैस्मीन, उनकी दीवानी हो गई थीं।
वहीं, बादशाह को जैस्मीन की सादगी बहुत पसंद है। लेकिन, आश्चर्य की बात यह है, उनके कुछ फैंस को अभी भी इस बात की जानकारी नहीं है कि, बादशाह की शादी हो चुकी है। बादशाह की पहली प्राथमिकता उनकी पत्नी जैस्मीन हैं, बाकी सब कुछ उनके बाद आता है। वे उन जोड़ों में से नहीं हैं, जो सोशल मीडिया पर अपने प्यार का इजहार करते हैं और चाहते हैं कि, सब लोग उनके बारे में जानें।
(ये भी पढ़ें- बी प्राक की लव स्टोरी: पत्नी मीरा बच्चन को प्यार से इस नाम से बुलाते हैं पंजाबी सिंगर )
शादी के पांच साल बाद यानी 10 जनवरी 2017 को इस सुंदर जोड़े को बेटी हुई। उन्होंने उसका नाम 'जेसी' रखा। लेकिन अपनी शादी की तरह ही इस कपल ने अपनी बेटी के जन्म को भी दुनिया से छिपाकर रखा था। जब बादशाह के दोस्त ‘रफ्तार’ ने बेटी के जन्म पर बधाई दी थी, तो उनके प्रशंसक हैरान रह गए थे। रफ्तार ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर छोटी राजकुमारी की एक मनमोहक तस्वीर पोस्ट करने के साथ कैप्शन लिखा था, "ओह ... क्या वह बहुत ज्यादा प्यारी नहीं है?"। लेकिन बादशाह और उनकी पत्नी जैस्मीन ने इस बारे में कोई बात नहीं की थी, और न ही इस बात को ज्यादा महत्व दिया था।
'हिंदुस्तान टाइम्स' के साथ एक इंटरव्यू में बादशाह ने बताया था कि, पिता बनकर वे कैसा महसूस कर रहे हैं? उन्होंने बताया था कि, "मैं पहले कभी बच्चों को पसंद नहीं करता था, मुझे नहीं पता क्यों, लेकिन जब से मेरी बेटी पैदा हुई है, सब कुछ बदल गया है, और मैं अब बच्चों से प्यार करने लगा हूं। जब भी मैं किसी रोते हुए बच्चे को देखता हूं, तो मैं कोशिश करता हूं कि, बच्चे को चुप करा सकूं।‘’
बादशाह ने आगे कहा था कि, "पिता बनने की भावना सबसे अलग है। इस अनमोल भावना को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। मुझे लगता है कि, पिता बनने पर कैसा महसूस होता है और एक पिता बनने की खुशी क्या होती है, यह पिता बनने पर ही जाना जा सकता है। मेरी बेटी, मेरी पूरी दुनिया है और मैं उसके लिए पूरी दुनिया में कुछ भी कर सकता हूं।''
बादशाह एक प्रसिद्ध भारतीय रैपर हैं, जिन्होंने बॉलीवुड में कुछ ब्लॉकबस्टर गाने गाए हैं। वह 'तरीफां' और 'आओ कभी हवेली पे' जैसे हिट गानों से फेमस हुए। इसके तुरंत बाद, उन्होंने इंडस्ट्री में बेहतरीन पार्श्व गायकों में से एक के रूप में अपनी पहचान बनाई। उनके गाने, 'वखरा स्वैग' ने साल 2016 का 'पंजाबी संगीत पुरस्कार' और उस वर्ष के सबसे लोकप्रिय गाने का पुरस्कार जीता था। साल 2006 में बादशाह, भारतीय रैपर ‘यो यो हनी सिंह’ के हिप हॉप समूह 'माफिया मुनीर' में शामिल हो गए। बाद में, उन्होंने अपना हरियाणवी सिंगल गाना, 'कर गई चुल' रिलीज़ किया, जिसका एक फार्मेट बॉलीवुड फिल्म 'कपूर एंड संस' में इस्तेमाल किया गया था।
इंडस्ट्री में बादशाह का साथ देने के लिए कोई गॉडफादर नहीं था, लेकिन उनके संघर्षों ने उन्हें सफलता के शिखर पर पहुंचा दिया। 'पिंकविला' के साथ एक इंटरव्यू में अपने प्रयासों के बारे में बात करते हुए 'खानदानी शफाखाना' के अभिनेता ने कहा था, "संगीत के लिए, मुझे बहुत त्याग करना पड़ा। मुझे अपने दोस्तों, पार्टियों, अपने माता-पिता और परिवार को छोड़ना पड़ा। यहां तक कि, मुझे 'बादशाह' बनने के लिए 'आदित्य' नाम को भी छोड़ना पड़ा।''
(ये भी पढ़ें- अरिजीत सिंह की लव लाइफ और दो शादियां: साल भर भी नहीं चल पाई थी सिंगर की पहली शादी )
बादशाह और जैस्मीन की प्रेम कहानी इस बात का प्रमाण है कि, कठिन समय में सच्चा प्यार आपके साथ रहता है। फिलहाल, ये प्रेमी जोड़ा एक साथ खुश है और दोनों अपनी बेटी के साथ दोनों खुशहाल जिंदगी का आनंद ले रहे हैं। आपको बादशाह और जैस्मीन की जोड़ी कैसी लगती है? हमें कमेंट में बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।