हाल ही में, एक्ट्रेस करीना कपूर खान ने अपने बेटों तैमूर अली खान और जेह अली खान को ट्रोल किए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।
बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan) और अभिनेता सैफ अली खान (Saif Ali Khan) के दोनों बेटे तैमूर अली खान (Taimur Ali Khan) और जहांगीर अली खान (Jehangir Ali Khan) उर्फ 'जेह' सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले स्टार किड्स में से एक हैं। हालांकि, दोनों ही अपने नाम की वजह से काफी बुरी तरह ट्रोल हुए हैं। हाल ही में, करीना कपूर ने इस ट्रोलिंग को ‘भयानक’ बताया है। आइए आपको बताते हैं कि, एक्ट्रेस ने क्या कहा है।
पहले ये जान लीजिए कि, सैफ अली खान संग शादी के 4 साल बाद 20 दिसंबर 2016 को करीना कपूर ने अपने बड़े बेटे को जन्म दिया, जिनका नाम कपल ने तैमूर रखा। इस नाम के चलते न केवल उनके बेटे, बल्कि करीना-सैफ को भी खूब ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। कई लोगों का मानना था कि, उनके बड़े बेटे तैमूर का नाम एक तुर्क विजेता तैमूर (Timur) से प्रेरित है, जिसने 1398 में दिल्ली पर आक्रमण किया था।
(ये भी पढ़ें- रणधीर कपूर के लिए बेटी करीना-करिश्मा की ट्यूशन फीस भरना था मुश्किल, इंटरव्यू में किया था जिक्र)
इसके बाद, जब करीना-सैफ ने 21 फरवरी 2021 को अपने दूसरे बेटे का स्वागत किया, तो उन्होंने उनका नाम कई महीनों तक छुपाकर रखा। एक्ट्रेस की किताब ‘प्रेग्नेंसी बाइबिल’ से उनके दूसरे बेटे के नाम का खुलासा हुआ था। तैमूर की तरह जहांगीर नाम पर भी लोगों ने खूब बवाल खड़ा किया। इतिहास के मुताबिक, जहांगीर मुगल शासक अकबर का बेटा था, जिसने सिखों के पांचवे गुरु अर्जुन सिंह की हत्या कर दी थी।
अब आपको करीना कपूर के लेटेस्ट इंटरव्यू के बारे में बताते हैं। दरअसल, बेबो ने ‘द गार्जियन’ संग बातचीत में अपने बेटों के नाम पर हुई ट्रोलिंग के बारे में बात की है। उन्होंने कहा, ‘ईमानदारी से, ये ऐसे नाम हैं, जिन्हें हमने बस पसंद किया है, इसके अलावा और कुछ भी नहीं हैं। वे सुंदर नाम हैं और वे सुंदर लड़के हैं। यह समझ से बाहर है कि, कोई बच्चों को ट्रोल क्यों करेगा? मैं इसके बारे में भयानक महसूस करती हूं, लेकिन मुझे सिर्फ अपने काम पर ध्यान केंद्रित करना है और इन चीजों से गुजरना है। मैं ट्रोल्स के माध्यम से अपने जीवन को नहीं देख सकती हूं।’
(ये भी पढ़ें- सैफ और करीना की नेट वर्थ जान दातों तले दबा लेंगे उंगली, सिर्फ पटौदी हाउस की कीमत है इतनी)
करीना कपूर खान की ननद सबा अली खान ने भी तैमूर और जेह को ट्रोल किए जाने पर ट्रोलर्स को खरी-खोटी सुनाई थी। सबा अली खान ने 9 सितंबर 2021 को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीना और जेह की मालदीव वेकेशन की एक फोटो शेयर की थी, जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा था, ‘जब एक मां अपने बच्चे को अपने अंदर रखती है और उसे जीवन देती है, तो सिर्फ उसे और पिता को यह तय करने की अनुमति है कि, बच्चा किसके रूप में और कैसे विकसित होगा और उसका नाम क्या होगा।’
(ये भी पढ़ें- करीना कपूर से ब्रेकअप पर शाहिद कपूर ने तोड़ी चुप्पी, कहा- सैफ अली खान संग बेबो को देख लगता था बुरा)
फिलहाल, करीना कपूर खान ट्रोलर्स की फिक्र न करते हुए अपने बच्चों और पति सैफ के साथ अपनी हैप्पी लाइफ एंजॉय कर रही हैं। तो एक्ट्रेस के इस इंटरव्यू पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।