बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर दूसरी बार मां बन चुकी हैं। मां बनने के बाद उनके बेटे तैमूर अली खान अपने भाई से मिलने अस्पताल पहुंच चुके हैं। आइए आपको दिखाते हैं वो फोटो।
बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan) आज यानी 21 फरवरी 2021 को अपने दूसरे बच्चे की मां बन गई हैं। इस खुशखबरी के सामने आने के बाद देश-दुनिया से उनके चाहने वाले उन्हें बधाई दे रहे हैं। इसी क्रम में एक्ट्रेस की बड़ी ननद सबा अली खान (Saba Ali Khan) ने भी इस गुड न्यूज को कंफर्म करते हुए बधाई दी है। इसके साथ ही तैमूर अली खान भी अपने छोटे भाई से मिलने अस्पताल पहुंच चुके हैं। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।
पहले तो ये जान लीजिए कि, करीना कपूर और सैफ अली खान ने एक-दूसरे को लंबे समय तक डेट करने के बाद 16 अक्टूबर 2012 को शादी रचाई थी। दोनों ने जब अपनी शादी की अनाउंसमेंट की थी, तो उस वक्त हर कोई हैरान रह गया था। करीना की ये पहली शादी थी। लेकिन सैफ ने पहली शादी अपने से 12 साल बड़ी उम्र की एक्ट्रेस अमृता सिंह से की थी। सैफ की पहली शादी से उनके दो बच्चे सारा व इब्राहिम अली खान हैं। हालांकि, समय के साथ पड़ती दरार ने दोनों के रिश्ते को कमजोर कर दिया और शादी के कुछ सालों बाद दोनों ने तलाक ले लिया था। वहीं, करीना कपूर और सैफ 20 दिसंबर 2016 को एक क्यूट बेबी बॉय तैमूर के पैरेंट्स बने थे। वहीं, अब कपल ने दूसरे बच्चे के रूप में बेटे का स्वागत किया है। (ये भी पढ़ें: प्रियंका चोपड़ा ने पति निक जोनस को दिया खास सरप्राइज, देखें खूबसूरत वीडियो)
अब आइए आपको बताते हैं कि ननद सबा ने अपने भतीजे के पैदा होने पर कैसे बधाई दी है। दरअसल, 21 फरवरी की सुबह करीना ने मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में बेबी बॉय को जन्म दिया। इस खबर के सामने आने के कुछ ही घंटे बाद सबा अली खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक फोटो शेयर करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। इस फोटो में सैफ-करीना और तैमूर नजर आ रहे हैं। तस्वीर पर लिखा है, 'अपने अनमोल बच्चे के जन्म पर जश्न मना रहे हैं। बधाई।' इस फोटो को सबा ने अपनी भाभी करीना को भी टैग किया है। (ये भी पढ़ें: हिमांशी खुराना ने बॉयफ्रेंड आसिम रियाज संग अपनी सगाई की अफवाहों पर की बातचीत)
इसके साथ ही, करीना के दूसरे बेबी के जन्म के बाद उनके बेटे तैमूर अली खान अपने छोटे भाई से मिलने हॉस्पिटल पहुंच गए हैं। इसकी एक झलक सेलिब्रिटी फोटोग्राफर योगेन शाह ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की है। इस फोटो को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है, 'तैमूर अपने छोटे भाई से मिलने मुंबई के एक अस्पताल में आए।' यहां देखें फोटो।
करीना कपूर की चचेरी बहन व दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी अपने इंस्टाग्राम की स्टोरी पर एक फोटो शेयर करते हुए अपनी बहन को बधाई दी है। यहां देखें पोस्ट। (ये भी पढ़ें: करीना अपनी सास शर्मिला टैगोर और पति सैफ को करती हैं बेहद प्यार, नए घर में लगवाएंगी फोटो)
करीना कपूर ने पति सैफ अली खान के संग 12 अगस्त 2020 को दिए स्टेटमेंट में कहा था कि, "हमें ये बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे परिवार में एक नया मेहमान जुड़ने वाला है। हमारे सभी शुभचिंतकों की शुभकामनाएं और सहयोग का बहुत शुक्रिया।" इसके बाद से ही फैंस कपल के दोबारा पैरेंट्स बनने का इंतजार कर रहे थे और अब आखिरकार फैंस की ये इच्छा पूरी हो गई।
फिलहाल, बेबी के आने से पटौदी फैमिली बेहद खुश है। हम भी करीना को दूसरे बच्चे की मां बनने पर ढेर सारी बधाई देते हैं। तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।