बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर ने मां बबीता कपूर को बर्थडे विश करते हुए सोशल मीडिया पर उनके संग कुछ थ्रोबैक तस्वीरें शेयर की हैं। आइए आपको दिखाते हैं वो फोटोज।
बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर (Kareena Kapoor) और करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor) अपनी मां बबीता कपूर (Babita Kapoor) के काफी ज्यादा क्लोज हैं। दोनों बहनें अक्सर अपनी मां के साथ क्वालिटी टाइम बिताते हुए देखी जाती हैं। आज यानी 20 अप्रैल 2021 को बबीता अपना 74वां जन्मदिन मना रही हैं। इस ख़ास मौके पर करिश्मा और करीना ने अपनी मां को सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए बर्थडे विश किया है।
पहले ये जान लीजिए, बबीता कपूर ने साल 1966 में आई फिल्म ‘दस लाख’ से अपना बॉलीवुड में डेब्यू किया था। यही वो समय था जब एक्टर रणधीर कपूर का दिल बॉलीवुड की इस सुंदरी पर आ गया था। कपल ने काफी सालों तक मीडिया और अपनी फैमिली से इस रिलेशनशिप को छुपा कर रखा था। इसके बाद जब दोनों के रिश्ते को काफी समय हो गया, तो बबीता ने रणधीर के सामने या तो उनसे शादी करने या उन्हें छोड़ देने के दो ऑप्शन रखे थे। क्योंकि कपूर परिवार के ट्रेडिशन के मुताबिक, रणधीर को एक एक्ट्रेस से शादी करने की इजाजत नहीं थी। (ये भी पढ़ें: बेटी वामिका और वाइफ अनुष्का संग कोरोना के बीच सफर करने पर ट्रोल हुए विराट कोहली)
राज कपूर ने बबीता को अपनी फिल्म में एक्ट्रेस बड़ी आसानी से बना लिया था, लेकिन वह एक्ट्रेस को अपने घर की बहू बनाने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे। वह नहीं चाहते थे कि कोई एक्ट्रेस उनके घर की बहू बने। इसी वजह से उन्होंने बबीता के सामने रणधीर और फिल्मी करियर में से कोई एक चीज चुनने की शर्त रखी थी? बबीता भी रणधीर से बेहद प्यार करती थीं, इसी वजह से उन्होंने बड़ी आसानी से फिल्मी इंडस्ट्री को छोड़ने का फैसला ले लिया और फिर 6 नवंबर 1971 में रणधीर कपूर और बबीता कपूर की पंजाबी तरीके से शादी हुई। शादी के बाद बबीता ने दो बेटियां करिश्मा और करीना को जन्म दिया था, जो आज बॉलीवुड की सुपरहिट एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल हैं।
साल 1980 रणधीर कपूर के लिए बेहद ही बुरा साबित हुआ था। इस साल रणधीर कपूर की एक के बाद एक फिल्में फ्लॉप हो रही थीं, जिस वजह से उन्हें ‘फ्लॉप एक्टर’ का टैग भी दे दिया गया था। रणधीर कपूर के गिरते करियर का असर उनके और बबीता के रिश्ते पर भी साफ देखने को मिला था। अपने फ्लॉप करियर की वजह से रणधीर ने अपने आपको शराब के नशे में डूबो लिया था। कहा जाता है कि उन दिनों रणधीर ज्यादा समय शराब के नशे में रहते थे और रात को भी देरी से ही घर आते थे, जिस वजह से बबीता काफी परेशान हो गई थीं। रणधीर के इस व्यवहार को बबीता बर्दाश्त नहीं कर पाईं और फिर उन्होंने अलग होने का फैसला ले लिया था। साल 1988 में रणधीर और बबीता ने एक-दूसरे से पूरी तरह अलग होने का फैसला ले लिया था, जिसके बाद रणधीर घर छोड़कर अपने माता-पिता के साथ रहने चले गए थे। तो वहीं, बबीता भी अपने घर में अपनी दोनों बेटियों के साथ रहने लगी थीं। तब से लेकर आज तक बबीता अपने पति से अलग ही रहती हैं। (ये भी पढ़ें: काजोल बेटी न्यासा के जन्म के वक्त थीं नर्वस, लाडली को बर्थडे विश करते हुए शेयर की वजह)
अब आपको दिखाते हैं करिश्मा और करीना द्वारा शेयर किये गए वो पोस्ट्स। दरअसल, 20 अप्रैल 2021 को करीना ने अपनी मां के साथ दो थ्रोबैक तस्वीरें शेयर की हैं। पहली फोटो करीना और सैफ के घर ‘फार्च्यून हाइट्स’ की है, जिसमें बेबो अपनी बहन करिश्मा कपूर और मां बबीता के साथ पोज देती हुई नजर आ रही हैं। दूसरी तस्वीर बबीता के एक्टिंग के दिनों की है।
करीना ने इन फोटोज के कैप्शन में लिखा, “हमारी मजबूती, हमारे संसार...मेरी मां को जन्मदिन की शुभकामनाएं। लोलो और मैं हमेशा आपको परेशान करते रहेंगे और मां इसी के लिए होती हैं।”
वहीं, करिश्मा कपूर ने अपनी मां संग बिताई यादों से भरा एक वीडियो पोस्ट किया है और इसके कैप्शन में लिखा है, “हैप्पी बर्थडे हमारी मम्मा। हम आपको उससे ज्यादा प्यार करते हैं जितना शब्द भी बयां नहीं कर सकते। रॉक करती रहिए।” (ये भी पढ़ें: काजल अग्रवाल ने शेयर की अपनी शादी की थ्रोबैक फोटो, काफी क्यूट दिख रहा कपल)
19 सालों तक अलग रहने के बाद भी कभी रणधीर और बबीता ने एक-दूसरे से तलाक लेने का मन नहीं बनाया था। दोनों अलग होने के बाद भी हमेशा एक-दूसरे से प्यार करते थे, जिस वजह से वह कभी इस रिश्ते को खत्म नहीं करना चाहते थे। बबीता के 70वें जन्मदिन के मौके पर रणधीर कपूर ने मीडिया से बातचीत करते हुए तलाक पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था, 'तलाक क्यों? और क्यों हमें तलाक लेने की जरूरत है? बबीता मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने मुझे दो बेहद प्यारे बच्चे दिए हैं। हम परिपक्व हैं और उस वक्त हमने अलग-अलग रहना सही समझा, हम दुश्मन नहीं हैं।
एक्टर ने कहा था, “उन्हें लगा कि मैं एक पीने वाला खराब इंसान हूं और रात को देर से घर लौटता हूं, जो उन्हें पसंद नहीं था। मैं भी उनके मुताबिक नहीं रहना चाहता था और वह मुझे इस तरह स्वीकार नहीं कर पा रही थीं, हालांकि हम दोनों ने लव-मैरिज की थी। लेकिन कोई बात नहीं, हमें दो प्यारे बच्चों की परवरिश करनी थी। उन्होंने दोनों को बहुत अच्छे तरीके से परवरिश दी है और उन्हें अपने करियर में सफल बनाया है। एक पिता के नाते इससे ज्यादा मैं और क्या मांग सकता था।”
फिलहाल, हम भी बबीता को उनके जन्मदिन की ढेर सारी बधाई देते हैं। तो आपको करिश्मा व करीना द्वारा शेयर किये गए पोस्ट्स कैसे लगे? हमें कमेंट में जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।