बॉलीवुड एक्टर करण सिंह ग्रोवर (Karan Singh Grover) ने हाल ही में अपनी पत्नी बिपासा बसु (Bipasha Basu) की एक फोटो शेयर की है। जिस पर एक्ट्रेस ने कमेंट किया है।
बॉलीवुड के फेमस कपल्स में से एक एक्टेस बिपासा बसु (Bipasha Basu) और एक्टर करण सिंह ग्रोवर (Karan Singh Grover) की जोड़ी को फैंस खूब पसंद करते हैं। ये कपल एक-दूसरे को प्यार जताने का कोई भी मौका हाथ से नहीं जाने देता। हाल ही में हमें इसका एक उदाहरण सोशल मीडिया पर देखने को मिला है। तो आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।
दरअसल, 11 नवंबर 2020 को करण सिंह ग्रोवर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पत्नी बिपाशा बसु की एक जैसी कई फोटोज से बना एक कोलाज शेयर किया। इस फाटो में हम बिपाशा की एक ही तस्वीर को पूरे कोलाज में देख सकते हैं। तस्वीर में बिपाशा का चेहरा नहीं दिखाई दे रहा है, लेकिन उनकी मुस्कुराहट हर किसी को घायल कर रही है।
इसे शेयर करते हुए एक्टर ने कैप्शन में लिखा, ''बस! इसके लिए कोई अन्य स्पष्टीकरण की जरूरत नहीं है! यह बिल्कुल स्पष्ट है .... मैं तुम्हारे पीछे पागल हो रहा हूँ !! @बिपाशा बसु और यह सब आपकी गलती है!!!''
एक्टर द्वारा शेयर किए गए इस पोस्ट को फैंस बेहद पसंद कर रहे हैं, और कमेंट करके अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। लेकिन इन सबके बीच बिपाशा ने भी करण के इस पोस्ट पर कमेंट करके अपने प्यार को जाहिर किया। बिपाशा ने कमेंट के जरिए कहना चाहा है कि, जिस पर तुम पागल हो रहे हो ऐसे बहुत सारे स्क्रीनशॉट हमारे पास हैं, मेरे बेबी। लव यू। फैंस कपल की इस बान्डिंग पर अपना प्यार लुटा रहे हैं।
ऐसा पहली बार नहीं है जब इस कपल ने एक-दूसरे के प्रति अपने प्यार का इजहार किया हो, बल्कि ऐसा पहले भी कई बार ये कपल कर चुका है। कपल का यही अंदाज फैंस को पसंद आता है। तो आइए एक नजर डालते हैं इस कपल की लव स्टोरी पर।
बिपाशा और करण की खूबसूरत जोड़ी को फैंस का ढेर सारा प्यार मिलता रहता है। इनकी लव स्टोरी की शुरुआत बेहद ही खूबसूरत नोट पर हुई थी। साल 2015 में दोनों की फिल्म 'अलोन' आई थी, जिसमें बिपाशा और करण ने साथ काम किया था। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान ही दोनों एक-दूसरे के काफी करीब आए थे। जब दोनों फिल्म का प्रमोशन कर रहे थे, उस वक्त भी दोनों के बीच की केमिस्ट्री ने सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था। फिल्म के रिलीज होने के बाद भी दोनों अक्सर साथ में दिखाई दिए जाने लगे थे। इसके बाद जाकर 30 अप्रैल 2016 को दोनों ने शादी कर ली थी।
एक बार ‘पिंकविला’ को दिए गए एक इंटरव्यू के दौरान बिपाशा ने पुराने पलों को याद करते हुए बताया था कि कैसे फनी तरीके से करण ने उन्हें एक वेकेशन पर प्रपोज किया था। बिपाशा ने बताया था, “हम छुट्टियां मनाने गए थे और वो न्यू ईयर की शाम थी। मैं पटाखों की फिल्म वीडियो बना रही थी और तभी मैंने करण को कुछ सीरियस कहते हुए देखा था, इसके बाद अचानक से उस वीडियो फ्रेम में रिंग भी दिखाई देने लगी जिसको देखकर मैंने बहुत ही डरावना एक्सप्रेशन दिया था और उसी वक़्त मेरा फोन हाथ से गिर गया। मेरा पास उस प्रपोजल की आज भी रिकॉर्डिंग है।”
कुछ समय पहले 'नवभारत टाइम्स डॉट कॉम' से बातचीत के दौरान करण सिंह ग्रोवर और बिपाशा बसु से जब पूछा गया था कि आप अपनी फैमिली प्लानिंग के बारे में क्या सोच रहे हैं? तो इस पर कपल ने जवाब दिया था कि 'अब देखते हैं कि भगवान जो चाहेगा हो जाएगा (हंसते हुए) और अगर हमारा अपना बच्चा नहीं भी हुआ तो भी ठीक है। हमारे देश में बहुते से बच्चे हैं। हम उनकी देखभाल भी कर सकते हैं। हम लोग सौभाग्यशाली हैं। देश में इतने सारे बच्चे हैं, जिनको चीजें नहीं मिलती हैं। उन बच्चों को सुविधाएं देना भी हमारी ही जिम्मेदारी है। देखते हैं भविष्य में क्या होता है।' बिपाशा की बच्चे को गोद लेने वाली बात पर सहमति जताते हुए उनके पति करण ने कहा था, 'बिपाशा ने ये काम भगवान पर छोड़ दिया है। हम लोग एक बात को भूल जाते हैं कि जो आत्मा इस दुनिया में आती है, वो अपने डिसीजन और प्लानिंग के साथ आती है। यहां हमारे हाथ में कुछ नहीं होता।'
फिलहाल, बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर एक-दूसरे के साथ काफी खुश हैं और अपनी शादीशुदा जिंदगी को काफी एंजॉय कर रहे हैं, जिसकी कई झलकियां अक्सर हमें सोशल मीडिया पर मिल जाती हैं। तो आपको करण द्वारा शेयर की गई फोटो कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।