टीवी एक्टर करण मेहरा को पत्नी निशा रावल की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आइए आपको बताते हैं इस बारे में।
फेमस टीवी सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फेम अभिनेता करण मेहरा (Karan Mehra) की पर्सनल लाइफ इन दिनों काफी खतरे में नजर आ रही है। एक्टर की पत्नी निशा रावल (Nisha Rawal) के शिकायत पर मुंबई पुलिस ने करण को गिरफ्तार किया था। हालांकि, करण मेहरा जमानत पर रिहा हो गए हैं। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।
दरअसल, पिछले काफी दिनों से अफवाहें थीं कि, अभिनेता करण मेहरा को पत्नी निशा रावल के साथ शादी में परेशानी हो रही है। इस बीच एक्टर की पत्नी निशा ने 31 मई 2021 की रात को अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि, दोनों के बीच कुछ आपसी विवाद हुआ है। वहीं, मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद करण को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में मुंबई पुलिस ने 'एएनआई' को बताया कि, 'अभिनेता करण मेहरा को उनकी पत्नी और एक्ट्रेस निशा रावल द्वारा कल रात (31 मई 2021) को गोरेगांव इलाके में शिकायत दर्ज कराने के बाद गिरफ्तार किया गया। रावल ने विवाद के बाद मेहरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज किया गया है।' हालांकि, करण मेहरा जमानत पर रिहा हो गए हैं।
करण और निशा कुछ दिनों से अलग रह रहे थे। निशा मुंबई में अपने 4 साल के बेटे कविश के साथ हैं। वहीं, करण शूटिंग में व्यस्त थे। 'टाइम्स ऑफ़ इंडिया' के एक सूत्र ने पिछले दिनों बताया था “करण और निशा की शादी को हुए करीब एक दशक हो गया है, लेकिन कुछ महीनों से चीजें सही नहीं जा रही हैं। दोनों अपने मतभेदों को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं और उम्मीद है कि चीजें बेहतर हो जाएंगी। बस बात ये है कि करण के पंजाबी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काम के चलते वो दोनों एक साथ टाइम नहीं स्पेंड कर पा रहे हैं।” जब इस बारे में ‘टाइम्स ऑफ़ इंडिया’ ने दोनों से बातचीत करने की कोशिश की थी, तो करण का फोन नहीं मिला। जबकि निशा ने इन रूमर्स को सिरे से खारिज कर दिया था। वहीं, अब पति-पत्नी के बीच का ये मामला अब पुलिस तक पहुंच चुका है।
ध्यान रहे कि, निशा रावल भी अभिनेत्री हैं। निशा ने अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले कुछ विज्ञापन और म्यूजिक वीडियो किए थे। उन्होंने साल 2008 में दूरदर्शन के सीरियल 'आने वाला पल' में डेब्यू किया था और साल 2008 में आई फिल्म 'रफ्फू चक्कर' के साथ बॉलीवुड में डेब्यू किया था। हालांकि, निशा 'लक्ष्मी तेरे आंगन की' में अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं। निशा ने साल 2012 में करण मेहरा से शादी की थी, दोनों की मुलाकात 'हंसते-हंसते' के सेट पर हुई थी। शादी करने से पहले 6 साल तक दोनों ने एक-दूसरे को डेट किया। जब शादी के चार साल होने के बाद करण मेहरा बतौर कंटेस्टेंट 'बिग बॉस' के घर में थे, तो उनकी पत्नी निशा रावल को पता चला था कि, वो गर्भवती हैं और साल 2017 में कपल के घर बेटे कविश मेहरा ने जन्म लिया था। वहीं, शादी के करीब 10 साल बाद दोनों के रिश्ते में दरार देखने को मिल रही है।
फिलहाल, अब देखना होगा कि क्या दोनों के बीच ये विवाद थमेगा या फिर और बढ़ता जाएगा? खैर! हम तो यही उम्मीद करते हैं कि दोनों फिर से एक साथ आ जाएं। तो आपकी इस पर क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।