हाल ही में, एक्ट्रेस कंगना रनौत ने हिमाचल प्रदेश स्थित अपने नए घर की तस्वीरें शेयर की हैं, जो काफी सुंदर है। आइए आपको दिखाते हैं।
बी-टाउन की क्वीन कही जाने वाली कंगना रनौत (Kangana Ranaut) जमीन से जुड़ी रहने वाली एक्ट्रेसेस में से एक हैं और ये हम नहीं, बल्कि उनके नए घर की तस्वीरें कह रही हैं, जिसे हाल ही में एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। एक्ट्रेस ने अपने घर को एक दम पारंपरिक अंदाज में डेकोरेट करवाया है। आइए आपको दिखाते हैं उनके नए घर की झलकियां।
पहले ये जान लीजिए कि, 35 साल की कंगना रनौत बॉलीवुड की सबसे महंगी एक्ट्रेसेस में से एक हैं। उनके पास मुंबई से लेकर उनके होम टाउन मनाली तक, कई आलीशान घर हैं। उन्होंने अपने सभी घर को एकदम शाही अंदाज में सजाया है, लेकिन उनका नया घर सबसे अलग और यूनिक है।
(ये भी पढ़ें- जैस्मिन भसीन ने खरीदी शानदार मर्सिडीज कार, BF अली गोनी संग दिया पोज, जानें इसकी कीमत)
दरअसल, कंगना रनौत ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर हिमाचल प्रदेश स्थित अपने नए घर की तस्वीरों की दो सीरीज शेयर की हैं। तस्वीरों की एक सीरीज शेयर करते हुए कंगना रनौत ने कैप्शन में लिखा है, “यहां सभी डिजाइन उन उत्साही लोगों के लिए है, जो सजावट से प्यार करते हैं और पहाड़ों की वास्तुकला के बारे में उत्सुक हैं, जो स्थानीय लेकिन प्राचीन और गहराई से पारंपरिक हैं…. मैंने एक नया घर बनाया, यह मनाली में मेरे मौजूदा घर का विस्तार है, लेकिन इस बार मैंने इसे प्रामाणिक रखा। यह नदी के पत्थर, स्थानीय स्लेट और लकड़ी से बना पहाड़ी स्टाइल घर है। मैंने हिमाचली पेंटिंग, बुनाई, कालीन, कढ़ाई और लकड़ी की करीगरी भी शामिल की है।”
कंगना रनौत द्वारा शेयर की गईं तस्वीरों में उनके आलीशान विला की खूबसूरत झलक मिलती है। लकड़ी से बने उनके घर में प्राचीन दरवाजे, खूबसूरत पेंटिंग्स हैं। साथ ही उनका लिविग रूम एक यूनिक झूमर ब्राउन शेड के काउचेस, हिमाचली डिजाइन के कुशंस और कुछ यूनिक आर्टिस्टिक चीजों के साथ बेहद आकर्षक लग रहा है। उनके लिविंग रूम में एक पूल एरिया भी है, जिसके ऊपर गोल्डन झूमर लगे हैं। उनके घर में मौजूद तीन कमरे, अलग-अलग रंगों में हैं। एक कमरे को लकड़ी के डिजाइन के साथ रखा गया है, जबकि एक कमरे की दीवारें पिंक और एक की पेस्टल ग्रीन है। कंगना रनौत के आशियाने की बालकनी से पहाड़ों का एक सुंदर नजारा देखने को मिलता है, जो किसी के भी दिमाग को शांत कर सकता है।
कंगना रनौत ने अपने घर की एक स्पेशल दीवार की भी झलक शेयर की है। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा है, “यह दीवार हिमाचल, इसकी विभिन्न परंपराओं, कला और लोगों के लिए एक स्मारक है। ये सभी तस्वीरें हरनाम द्वारा क्लिक की गई हैं, उन्होंने इस दीवार को सजाने में मेरी मदद की।” सीढ़ियों के पास की ये दीवार बताती है कि, कंगना रनौत पारंपरिक चीजों से जुड़े रहना कितना पसंद करती हैं।
(ये भी पढ़ें- शादी के बंधन में बंधे नयनतारा और विग्नेश शिवन, महाबलिपुरम के लग्जरी रिजॉर्ट में लिए सात फेरे)
फिलहाल, आपको कंगना रनौत का ये घर कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।