हाल ही में, काजोल ने अपने इंटरव्यू में खुलासा किया है कि उनके पिता सोमू मुखर्जी उनकी शादी के खिलाफ थे। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं...
डेब्यू फिल्म में ही अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाली एक्ट्रेस काजोल (Kajol) ने बॉलीवुड इंडस्ट्री को कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। यहां तक कि, उनकी यादगार फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ सिल्वर जुबली की लिस्ट में शामिल है। काजोल जब बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस थीं, उस वक्त वह अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgn) के साथ शादी के बंधन में बंध गई थीं। काजोल के इस फैसले पर कई लोगों ने आपत्ति जताई थी। यहां तक कि, उनके पिता सोमू मुखर्जी (Somu Mukherjee) भी इस रिश्ते से खुश नहीं थे। आइए आपको इसके पीछे की वजह बताते हैं।
इससे पहले ये जान लीजिए कि, 5 अगस्त 1974 को मुंबई में जन्मी काजोल एक फिल्मी घराने से ताल्लुक रखती हैं। उनकी मां तनुजा, जोकि अपने समय में एक मशहूर अभिनेत्री रह चुकी हैं, तो वहीं उनके पिता सोमू हिंदी सिनेमा के जाने-माने फिल्म निर्माता-निर्देशक थे। यही नहीं, काजोल के ननिहाल से लेकर उनके पैतृक परिवार में सभी फिल्मी जगत से जुड़े थे। मौसी, नाना-नानी से लेकर चाचा, दादा-दादी सभी फिल्मी जगत में सक्रिय रह चुके हैं। ऐसे में जब काजोल ने महज 16 साल की उम्र में फिल्म ‘बेखुदी’ से डेब्यू किया था, तो फिल्म फ्लॉप होने के बावजूद उनके अभिनय की खूब तारीफ हुई थी। हालांकि, बॉलीवुड में डेब्यू करने के 8 साल बाद काजोल ने अजय देवगन के साथ शादी करने का फैसला कर लिया था और वो भी अपने पिता के खिलाफ जाकर। इस बात का खुलासा काजोल ने हाल ही में किया है। (ये भी पढ़ें- अनुपम खेर को पढ़ाने के लिए उनकी मां ने बेच दी थी अपनी ज्वैलरी, 37 रुपए लेकर मुंबई आए थे एक्टर)
दरअसल, ‘मिड डे’ को दिए एक इंटरव्यू में काजोल ने अपनी शादी को लेकर खुलासा किया है कि उनके पिता एक्ट्रेस की शादी के खिलाफ थे। काजोल के पिता सोमू चाहते थे कि महज 24 साल की उम्र में वह शादी जैसे बड़े कदम को उठाने के बजाय अपने एक्टिंग करियर पर ध्यान दें। तब उन्होंने अपनी मां से इस बारे में बात की थी। उस वक्त काजोल की मां उनकी सबसे बड़ी सपोर्टर बनी थीं। काजोल ने बताया कि उनकी मां ने एक्ट्रेस से कहा था कि अगर उनमें गट्स है, तो वह वही करें, जो वह चाहती हैं। तब काजोल ने अपने दिल की सुनी और अपने लविंग बॉयफ्रेंड अजय देवगन के साथ शादी रचा ली थी। मैरिज के 4 दिनों तक उनके पिता ने एक्ट्रेस से बात नहीं की थी, हालांकि बाद में वह मान गए थे। (ये भी पढ़ें- बेटी इनाया के लिए सोहा अली खान और कुणाल खेमू ने किया आर्ट बनाने का कम्पटीशन, जानें कौन जीता?)
काजोल और अजय देवगन की जोड़ी बी-टाउन की पॉपुलर जोड़ियों की लिस्ट में शामिल है। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री तो सबको पसंद आती ही है, तो वहीं ऑफस्क्रीन कपल बनकर दोनों कई कपल्स के लिए एक इंस्पिरेशन भी हैं। काजोल और अजय अब दो बच्चों के माता-पिता हैं। उनके बच्चों का नाम न्यासा और युग देवगन है। न्यासा इस वक्त सिंगापुर में पढ़ाई कर रही हैं, जिनके साथ उनकी मां काजोल रहती हैं। वहीं, उनके बेटे युग अपने पिता के साथ मुंबई में रह रहे हैं।
काजोल और अजय देवगन की पहली मुलाकात फिल्म ‘हलचल’ के सेट पर हुई थी। इस फिल्म में अजय काजोल के को-स्टार थे। जब पहली बार काजोल अजय से मिली थीं, तो वह उनसे बहुत चिढ़ती थीं। दोनों एक-दूसरे को बिल्कुल पसंद नहीं करते थे, क्योंकि काजोल चंचल स्वभाव की थीं, तो वहीं अजय शांत स्वभाव के थे। हालांकि, बाद में दोनों की दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यही दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई। दोनों की इस लव स्टोरी की खास बात ये है कि दोनों ने कभी एक-दूसरे को प्रपोज नहीं किया, लेकिन दोनों की समझ थी कि बिना प्रपोज के वे दोनों साथ में रहे। 4 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 1999 में दोनों ने शादी कर ली। अब दोनों अपनी जिंदगी के खुशहाल पलों को एंजॉय कर रहे हैं। (ये भी पढ़ें- क्या इम्तियाज अली और प्रीति के बीच सब कुछ हुआ ठीक? पत्नी संग वेकेशन पर मालदीव पहुंचे निर्देशक)
भले ही काजोल के पिता शादी के खिलाफ थे, लेकिन अपनी बेटी को अजय देवगन के साथ खुश देखकर उन्हें अपनी बेटी के फैसले पर गर्व महसूस जरूर हुआ होगा। वैसे, आपको ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।