प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख्तर ने अपने बेटे फरहान अख्तर और शिबानी दांडेकर की शादी की पुष्टि की है। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।
बॉलीवुड में इन दिनों मानो शादियों की बारिश हो रही है। शादी करने वालों की लिस्ट में अब फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) और शिबानी दांडेकर (Shibani Dandekar) का भी नाम जुड़ने जा रहा है। दोनों कथित तौर पर तीन साल से अधिक समय से रिलेशनशिप में हैं और अब आखिरकार कपल की शादी पर बहुत सारी अटकलों के बाद होने वाले दूल्हे के पिता और प्रसिद्ध गीतकार व पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने एक इंटरव्यू में कपल की शादी की पुष्टि की है। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।
लेटेस्ट मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फरहान-शिबानी 21 फरवरी 2022 को एक रजिस्टर्ड मैरिज करेंगे। इसके बाद, मुंबई के खंडाला में फरहान की फैमिली अपने करीबी दोस्तों के साथ एक उत्सव मनाएगी। जब 'बॉम्बे टाइम्स' ने जावेद अख्तर से इस बारे में बात की, तो उन्होंने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, “हां, शादी हो रही है। तैयारियां हो रही हैं, जो कि वेडिंग प्लानर कर रहे हैं।”
(ये भी पढ़ें- राज कुंद्रा ने पत्नी शिल्पा शेट्टी के नाम किए 38 करोड़ के अपार्टमेंट्स और जुहू स्थित बंगला)
महामारी के कारण जावेद अख्तर का कहना है कि, केवल सीमित लोग ही प्राइवेट पार्टी का हिस्सा होंगे। उन्होंने कहा कि, "स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह स्पष्ट है कि, हम बड़े पैमाने पर कुछ भी होस्ट नहीं कर सकते हैं। तो, हम केवल कुछ लोगों को बुला रहे हैं। यह एक बहुत ही साधारण मामला होगा। खैर अभी तक तो निमंत्रण भी नहीं भेजे गए हैं।” शिबानी का परिवार में स्वागत करने के बारे में अख्तर कहते हैं, ''वह बहुत अच्छी लड़की हैं। हम सभी उन्हें बहुत पसंद करते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि फरहान और उनकी अच्छी दोस्ती है, जो बहुत अच्छी बात है।”
'पिंकविला' की रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट मैरिज के एक या दो दिन बाद फरहान और शिबानी, जावेद अख्तर और शबाना आज़मी के खंडाला फार्महाउस पर बेहद सादगी के साथ परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में अपनी शादी का जश्न मनाएंगे। कपल के एक सूत्र ने बताया था कि, "फरहान और शिबानी हमेशा एक इंटीमेट शादी चाहते थे और अपने बड़े दिन को लेकर दोनों वास्तव में उत्साहित हैं। यह पार्टी एक छोटा सा फंक्शन होगा, जिसमें केवल उनके करीबी लोग ही शामिल होंगे। यह सब भोजन, संगीत, हंसी और उत्सव के बारे में होगा।"
(ये भी पढ़ें- करिश्मा तन्ना की मेहंदी रस्म की झलक आई सामने, होने वाले पति वरुण सुखाते दिखे एक्ट्रेस की मेहंदी)
फिलहाल, हमें फरहान अख्तर और शिबानी दांडेकर की शादी की तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार है। तो आपको ये कपल कैसा लगता है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।