टीवी एक्टर आभास मेहता 1 अक्टूबर 2023 को शादी करने जा रहे हैं। आइए आपको इस बारे में विस्तार से बताते हैं।
पॉपुलर टीवी शो 'इस प्यार को क्या नाम दूं' फेम आभास मेहता (Aabhaas Mehta) इस समय बेहद खुश हैं, क्योंकि जल्द ही वह अपनी लाइफ की नई शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। दरअसल, आभास 1 अक्टूबर 2023 को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड ज़ीनिया वाडिया (Zeenia Wadia) के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। लवबर्ड्स पहली बार 'IPKKND' के सेट पर मिले थे और वहीं दोनों को एक-दूजे से प्यार हो गया।
'ईटाइम्स' के साथ एक साक्षात्कार में आभास मेहता ने अपनी गर्लफ्रेंड ज़ीनिया वाडिया के साथ अपनी शादी के बारे में बात की। अभिनेता ने बताया कि वे 11 साल से साथ हैं और अपने रिश्ते को एक कदम आगे ले जाने के लिए सही समय का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा, "हम सही समय आने पर शादी करने के लिए निश्चित थे। इंतजार के समय ने हमारे बंधन को मजबूत किया है। हमारे बीच कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन हम एक-दूसरे के साथ खड़े रहे और वास्तव में यही मायने रखता है।"
इसके अलावा, उसी बातचीत में आभास ने बताया कि वह और उनकी गर्लफ्रेंड जीनिया रजिस्टर्ड शादी करेंगे। इसके बारे में और विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि वे दोनों धर्मों का सम्मान करना चाहते हैं, क्योंकि आभास एक पंजाबी हैं और ज़ीनिया एक पारसी परिवार से हैं। इस बारे में आभास ने कहा, "यह हमारी चर्चा का पहला पॉइंट था। हम शुरू से ही स्पष्ट थे कि हम दोनों धर्मों का सम्मान करेंगे और इसे प्राइवेट बनाए रखने की पूरी कोशिश करेंगे। हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम आखिरकार एक साथ एक नया जीवन शुरू कर रहे हैं, भले ही यह कैसे भी हो।"
आभास ने अपनी शादी की डिटेल्स भी साझा कीं और बताया कि शादी से पहले के समारोह सिंपल और इंटीमेट होंगे। अभिनेता ने कहा कि उनका और ज़ीनिया का परिवार हल्दी और मेहंदी समारोह का जश्न मनाएगा, जिसमें उनके कुछ सेलेब्स दोस्त भी शामिल होंगे। एक्टर ने कहा, "हमने अपने करीबी लोगों के साथ इन पलों का आनंद लेने के लिए समारोहों को सरल रखा है। हल्दी और मेहंदी की रस्म होगी। हर कोई उत्साहित है और दो संस्कृतियों के एक साथ आने का इंतजार कर रहा है। इसमें शामिल होने के लिए परिवार और 'इस प्यार को क्या नाम दूं' की कास्ट मौजूद रहेंगे।''
इसके अलावा, आभास ने ज़ीनिया के साथ अपने रिश्ते के बारे में भी बात की। उन्होंने खुलासा किया कि वे 'इस प्यार को क्या नाम दूं' में काम करने के दौरान मिले थे, जहां जीनिया पब्लिक रिलेशन संभाल रही थीं, वहीं आभास शो में एक अहम किरदार निभा रहे थे। अभिनेता ने कहा कि उन्होंने अपने रिश्ते में पहल करते हुए ज़ीनिया को प्रपोज किया था।
बता दें कि 29 सितंबर 2023 को आभास और ज़ीनिया ने अपनी शादी के बारे में संकेत दिया था। दोनों ने अपने-अपने इंस्टा हैंडल पर एक जॉइंट पोस्ट में एक प्यारी सी तस्वीर शेयर की थी, जिसमें लवबर्ड्स को कैमरे के लिए खुशी से पोज देते देखा जा सकता है। तस्वीर साझा करते हुए ज़ीनिया ने एक छोटा सा नोट भी लिखा था, जिसे इस प्रकार पढ़ा जा सकता है, "कुछ बड़े फैसले मिलकर ले रहे हैं।"
फिलहाल, हमें आभास और जीनिया की शादी की झलकियों का इंतजार है। तो इस पर आपका क्या कहना है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।