हाल ही में, अभिनेता ऋतिक रोशन ने अपनी मां पिंकी रोशन को 68वां बर्थडे विश करते हुए सोशल मीडिया पर एक प्यारा पोस्ट शेयर किया है। आइए देखते हैं।
किसी भी शख्स की जिंदगी में उसके माता-पिता का स्थान सबसे ऊपर होता है। ऐसे में वो अपने माता-पिता को उनके स्पेशल दिन पर खास महसूस कराने का एक भी मौका नहीं छोड़ते हैं। बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) भी उन्हीं में से एक हैं। ऋतिक रोशन का अपनी मां के लिए प्यार उनके बर्थडे पोस्ट से एक बार फिर जाहिर होता है।
दरअसल, 22 अक्टूबर 2021 को ऋतिक रोशन की मां पिंकी रोशन अपना 68वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी मां को विश करते हुए उनके साथ एक प्यारी फोटो शेयर की, जिसमें मां-बेटे का बॉन्ड साफ झलक रहा है। इसके साथ ऋतिक ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने सूरज से लेकर चांद और पशु-पक्षियों की झलक तक दिखाई है।
(ये भी पढ़ें- राकेश रोशन के परिवार की अनदेखी तस्वीर आई सामने, 9 साल के नन्हे ऋतिक लग रहे बेहद क्यूट)
इसे शेयर करते हुए ऋतिक रोशन ने अपनी मां के लिए कैप्शन में लिखा है, “मेरा मतलब, क्या संभावनाएं हैं! सूरज और चांद, लोमड़ी और मोर, सभी आज सुबह मेरी मां के जन्मदिन पर मुझसे मिलने के लिए निकले थे। क्या मैं सबसे भाग्यशाली नहीं हूं! आपके बेटे के रूप में जन्म लेने के लिए सबसे भाग्यशाली हूं। मुझे लगता है कि, वे मुझे बताने के लिए यहां मौजूद थे और सौभाग्य की बात है कि, मां हमने आपकी यात्रा को देखा और सीखा है। जान लें कि, हम सोलमेट हैं। और हम हर जीवन में साथ रहेंगे। मैं आपसे हर दिन उन हग और शब्दों से ज्यादा प्यार करता हूं। 68वां बर्थडे मुबारक हो लिटिल गर्ल।”
वहीं, ऋतिक के पिता व फिल्म निर्माता राकेश रोशन ने भी अपनी पत्नी पिंकी रोशन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पिंकी रोशन की एक मेकअप एडिटेड फोटो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की, जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा है, “पिंकी आज आपको सबसे बड़ी खुशियों की शुभकामनाएं, जन्मदिन की शुभकामनाएं! बहुत सारा प्यार।”
(ये भी पढ़ें- जॉन अब्राहम से लेकर ऋतिक रोशन तक, देखें इन 4 एक्टर्स के आलीशान घर की इनसाइड फोटोज)
पिंकी रोशन के बर्थडे सेलिब्रेशन की दो तस्वीरें भी सामने आई हैं। पहली तस्वीर में पिंकी अपनी फैमिली के साथ अपने घर के गार्डन में टी पार्टी करती नजर आ रही हैं। वहीं, दूसरी फोटो में वो अपनी मां को अपना बर्थडे केक खिलाती दिखाई दे रही हैं।
अब आपको राकेश रोशन और उनकी पत्नी पिंकी रोशन के बारे में बता देते हैं। राकेश रोशन ने अपने करियर की शुरुआत साल 1970 में आई फिल्म ‘कहानी घर-घर की’ से की थी। इसके बाद उन्होंने कई सुपरहिट फिल्में दीं। राकेश रोशन ने 70 के दशक की शुरूआत में पिंकी रोशन से शादी रचाई थी। शादी के बाद कपल को एक बेटा ऋतिक रोशन और बेटी सुनैना रोशन हुए। ऋतिक रोशन आज इंडस्ट्री के सुपरहिट अभिनेता हैं।
(ये भी पढ़ें- आमिर-किरण से मलाइका-अरबाज तक, 6 सेलेब कपल्स जो तलाक के बाद भी निभा रहे पेरेंट्स का फर्ज)
फिलहाल, इस बात में कोई दो-राय नहीं है कि, ऋतिक रोशन अपनी मां से बहुत प्यार करते हैं। तो आपको एक्टर द्वारा मां के लिए शेयर किया गया पोस्ट कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।