बॉलीवुड सिंगर यो यो हनी सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी द्वारा दायर किए गए घरेलू हिंसा के मामले की सुनवाई अब बंद कमरे में होगी। आइए आपको बताते हैं इस बारे में।
बॉलीवुड के मशहूर रैपर व सिंगर यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) आजकल अपनी पत्नी शालिनी तलवार (Shalini Talwar) के द्वारा किए गए घरेलू हिंसा के मुक़दमे के चलते हेडलाइंस में बने हुए हैं। सिंगर के खिलाफ दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में केस चल रहा है। उनकी पत्नी ने हनी सिंह के अलावा उनके परिवारवालों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
अगर एक न्यूज पोर्टल की रिपोर्ट की मानें, तो दिल्ली कोर्ट ने 28 सितंबर 2021 को इस मामले की बंद कमरे में सुनवाई का निर्देश दिया है। मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट तानिया सिंह ने रैपर और उनकी पत्नी से सहमति लेने के बाद आदेश पारित कर दिया है। न्यायाधीश ने कथित तौर पर कहा है कि, अगर सुलह की थोड़ी सी भी संभावना है, तो इसे खारिज नहीं किया जाना चाहिए।
इससे पहले, शालिनी ने इस बारे में बात की थी कि, कैसे हनी सिंह ने उनकी शादी के 10 सालों में उनका कथित रूप से यौन उत्पीड़न किया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि, सिंगर ने उनके साथ धोखा किया है। शालिनी कथित तौर पर घरेलू हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा अधिनियम के तहत अपने पति से 20 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है।
इसके अलावा, अदालत ने रैपर को अपनी कंपनियों के स्वामित्व वाले किसी तीसरी पार्टी के शेयर को अलग करने या शेयर बनाने से रोक दिया था और उन्हें अन्य विवरणों के साथ विदेशों में पंजीकृत अपनी कंपनियों के सभी दस्तावेज दाखिल करने का निर्देश दिया था। इस दौरान हनी सिंह के वकील ने आश्वासन दिया था कि, वे इस बीच पहचाने गए विला को नहीं बेचेंगे और सुनवाई की अगली तारीख तक विदेशों में पंजीकृत उनकी कंपनियों से संबंधित सभी दस्तावेज भी दाखिल करेंगे।
'जी न्यूज' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शालिनी ने अपने ससुर पर उन्हें गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया था। उन्होंने अपने बयान में दावा किया था कि, 'जब वो कपड़े बदल रही होती थीं, तो उनके ससुर नशे की हालत में उनके कमरे में आ जाते थे और चेस्ट पर गलत तरीके से हाथ लगाते थे।'
वहीं, हनी सिंह ने 6 अगस्त 2021 को अपने इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए एक लंबा चौड़ा नोट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी द्वारा उनपर लगाए गए सभी आरोपों को ख़ारिज किया था। सिंगर ने लिखा था, “मेरी 20 सालों की साथी/पत्नी मिसेज शालिनी तलवार के द्वारा मुझ पर और मेरे परिवार पर लगाए गए झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोपों से मैं बहुत दुखी और परेशान हूं। आरोप गंभीर रूप से नागवार हैं।”
हनी सिंह ने अपनी पत्नी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों का खंडन करते हुए ये भी लिखा था, “मैं सभी आरोपों का दृढ़ता से खंडन करता हूं, लेकिन आगे कोई टिप्पणी नहीं करूंगा, क्योंकि मामला न्यायालय के समक्ष विचाराधीन है। मुझे इस देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और मुझे विश्वास है कि, सच्चाई जल्द ही सामने आ जाएगी।”
फिलहाल, हनी सिंह और शालिनी तलवार के बीच सुलह हो पाती है या नहीं, ये तो वक्त ही बताएगा। तो आपकी इस मामले के बारे में क्या राय है? हमें कमेंट में बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।