यहां हम आपको पाकिस्तान में जन्मे पूर्व दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर इमरान ताहिर और उनकी पत्नी सुमैया दिलदार की लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व गेंदबाज इमरान ताहिर (Imran Tahir), इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ा नाम हैं। इमरान अपनी बेहतरीन राइट-आर्म स्पिन गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। क्रिकेटर का जन्म और पालन-पोषण पाकिस्तान में हुआ, लेकिन बाद में वह साउथ अफ्रीका चले गए। जहां उन्होंने अपने क्रिकेट करियर का अधिकांश समय बिताया। इमरान ताहिर ने साउथ अफ्रीका की तरफ से क्रिकेट के तीनों मेजर फॉर्मेट्स, टी-20, वनडे और टेस्ट मैच खेले हैं और आज उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं। साउथ अफ्रीकी इतिहास में इमरान पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 2016 में एक वनडे क्रिकेट मैच में 7 विकेट लिए थे।
इमरान एक मात्र ऐसे क्रिकेटर हैं, जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए आईसीसी विश्व कप में 39 विकेट लिए हैं। इस खिलाड़ी का क्रिकेट करियर, पुरस्कारों और रिकार्ड्स से भरा हुआ है। क्रिकेटर की लव स्टोरी भी काफी फिल्मी है, जिसे हर कोई नहीं जानता। हालांकि, इमरान की वाइफ सुमैया और इनकी लव स्टोरी की बात करने से पहले हमें क्रिकेटर के शुरुआती करियर पर एक नजर डालना होगा, जिसने इनकी लव स्टोरी व रोमांस में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। तो आइए आपको इनकी प्रेम कहानी के बारे में बताते हैं।
क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल स्पिन गेंदबाजों में से एक इमरान ताहिर का जन्म पाकिस्तान के लाहौर में 27 मार्च 1979 को हुआ था। इनका पूरा नाम मोहम्मद इमरान ताहिर है, लेकिन इन्हें आमतौर पर इमरान ताहिर के नाम से जाना जाता है। छोटी उम्र से ही उन्हें क्रिकेट से प्यार था और वह बचपन से अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलते थे। हालांकि, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण, उन्हें 16 साल की उम्र में पेस शॉपिंग मॉल में रिटेल सेल्समैन के रूप में काम करना पड़ा। बिना जानकारी के इस उम्र में काम करना इमरान के लिए आसान नहीं था, लेकिन समय के साथ वह इसमें आगे बढ़ने लगे। इसके बावजूद उन्हें पता था कि, उन्हें एक क्रिकेटर बनना था और अपने पूरे जीवन में क्रिकेट खेलना था। इमरान छुट्टी के दिनों में या अपने काम के बाद, समय निकाल कर काफी प्रैक्टिस करते थे। उनकी मेहनत तब रंग लाई, जब उन्हें ‘पाकिस्तान अंडर-19’ ट्रायल के दौरान चुन लिया गया था। उस समय क्रिकेटर ने सोचा था कि, वह अब इंटरनेशनल स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने में कुछ कदम दूर हैं।
हालांकि, किस्मत को कुछ और मंजूर था। कई ट्रायल देने के बावजूद इमरान आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। अपने अंडर-19 टीम के साउथ अफ्रीकी दौरे के दौरान वह अपनी फ्यूचर वाइफ सुमैया दिलदार से मिले, जिसके बाद उनका भाग्य बदल गया। उस मुलाकात से दोनों के जीवन पर असर पड़ा था। आज इमरान ताहिर साउथ अफ्रीकी क्रिकेट का बड़ा नाम हैं। उनके गुगली और विकेट लेने के रिकॉर्ड ने, उन्हें एक सफल गेंदबाज बना दिया है।
(ये भी पढ़ें: क्रिकेटर्स की खूबसूरत पत्नियां: पॉपुलैरिटी में देती हैं पतियों को टक्कर, करोड़ों की है नेट वर्थ)
आईपीएल टीम 'चेन्नई सुपर किंग्स' के पूर्व स्पिनर इमरान की पत्नी सुमैया दिलदार दक्षिण अफ्रीका की रहने वाली हैं। हालांकि, वह भारतीय मूल की महिला हैं। इनके पारिवारिक बैकग्राउंड के बारे में इंटरनेट पर कुछ खास जानकारी उपलब्ध नहीं है। सुमैया अपनी लाइफ को निजी रखना पसंद करती हैं। यही कारण है कि, वो सोशल मीडिया पर भी एक्टिव नहीं हैं। इमरान से शादी करने से पहले वह एक प्रोफेशनल मॉडल थीं। शादी के बाद से सुमैया एक हाउस वाइफ हैं।
1988 में इमरान पाकिस्तान की 'अंडर-19 टीम' के साथ एक सीरीज खेलने साउथ अफ्रीका गए थे। वहीं उन्हें सुमैया से मिलने का मौका मिला था। सुमैया उस समय एक पेशेवर मॉडल थीं। जहां इमरान को उनसे पहली नजर में प्यार हुआ था, तो वहीं सुमैया ने उन्हें दोस्त की तरह माना था।
साउथ अफ्रीका से वापस आने के बाद इमरान, सुमैया को मिस करने लगे और उनसे मिलने के लिए वो अक्सर दक्षिण अफ्रीका की ट्रिप्स पर जाने लगे। कुछ मुलाकातों के बाद सुमैया को एहसास हुआ कि, इमरान उनसे मिलने और समय बिताने के लिए इतने प्रयास कर रहे हैं। फिर इस बात की कीमत वो समझने लगीं और उन्हें भी क्रिकेटर से प्यार हो गया। फिर उन्होंने डेटिंग शुरू कर दी और अपने रिश्ते को लेकर सीरियस हो गए।
कुछ सालों तक डेट करने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया था। हालांकि, दोनों की शादी में एक मुश्किल यह थी कि, ये कपल अलग-अलग देशों से थे और दोनों को ही अपने-अपने देश से लगाव था। जहां इमरान पाकिस्तान टीम में शामिल होने का पूरा प्रयास कर रहे थे, तो वहीं सुमैया का कहना था कि, वह अपनी मातृभूमि साउथ अफ्रीका को कभी नहीं छोड़ेंगी। काफी बातचीत के बाद इमरान ने अपने प्यार सुमैया से शादी करने के लिए पाकिस्तान छोड़ने का फैसला कर लिया। इस फैसले ने ना सिर्फ उनकी निजी जिंदगी को बदल दिया, बल्कि उनके करियर को भी नए स्तर पर ले गया।
2006 में इमरान, सुमैया से शादी करने के लिए साउथ अफ्रीका चले गए। एक साल साथ बिताने और सारे जरूरी अरेंजमेंट करने के बाद क्रिकेटर ने 2007 में सुमैया के साथ भव्य तरीके से शादी रचा ली। 2007 में शादी रचाने के बाद इमरान ने साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम में एंट्री लेने के लिए कई प्रयास किए। हालांकि, यह इनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि उन्होंने पहले से 'अंडर-19' में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया था। लेकिन लंबे संघर्ष और साउथ अफ्रीका में तीन साल बिताने के बाद वो 2011 में दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम में जगह बनाने में सफल रहे।
उन्होंने साउथ अफ्रीका के लिए कई बड़े रिकॉर्ड बनाए और उन्हें दक्षिण अफ्रीकी टीम के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में गिना जाने लगा। कई अनुभवी खिलाड़ी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर इसलिए तंज कसते हैं, क्योंकि उन्होंने इमरान जैसे खिलाड़ी को पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं दिया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के साथ क्रिकेटर के शानदार करियर ने यह साबित कर दिया कि, उनका सुमैया से शादी करने का फैसला और पाकिस्तान छोड़ने का निर्णय एकदम सही था।
(ये भी पढ़ें: दिनेश कार्तिक को पत्नी निकिता से मिला था प्यार में धोखा, क्रिकेटर मुरली विजय संग था अफेयर)
शादी के कुछ सालों बाद इमरान और सुमैया ने अपनी लाइफ में एक बेटे का स्वागत किया और दोनों ने प्यार से उसका नाम गिबरान रखा। क्रिकेटर अपने सोशल मीडिया हैंडल से अक्सर अपने बेटे के साथ क्यूट तस्वीरें पोस्ट करते रहते हैं।
साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर इमरान ताहिर और उनकी पत्नी सुमैया दिलदार की लव स्टोरी दोनों के प्यार को बयां करती है। इनकी लव स्टोरी यह बताती है कि, ये दोनों एक-दूसरे के साथ रहने के लिए बने थे। इनकी मैजिकल लव स्टोरी, सच्चे प्यार को लेकर हमारे विश्वास को और अधिक मजबूत करती है। तो आपको इनकी प्रेम कहानी कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।