हाल ही में, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की फैमिली ने एक नोट जारी करते हुए उनकी हेल्थ के बारे में जानकारी दी है। आइए इस बारे में बताते हैं।
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव (Raju Srivastava) 1980 के दशक से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। उनको साल 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' के पहले सीज़न में भाग लेने के बाद पहचान मिली थी। वह अपने असाधारण हास्य कौशल के लिए जाने जाते हैं और 'उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद' के वर्तमान अध्यक्ष हैं। बीते दिनों कॉमेडियन को कार्डियक अरेस्ट के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनके परिवार ने कॉमेडियन की हेल्थ के बारे में जानकारी दी है। आइए आपको बताते हैं।
(ये भी पढ़ें- श्रीदेवी की जयंती पर जान्हवी-खुशी कपूर ने अपनी मां को किया याद, शेयर कीं अनमोल तस्वीरें)
कुछ दिन पहले, कॉमेडियन दक्षिण दिल्ली के एक जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते हुए गिर पड़े थे। उन्हें उनके ट्रेनर द्वारा अस्पताल ले जाया गया था और एंजियोप्लास्टी के बाद सीपीआर दिया गया था। मौजूदा समय में वह दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। पूरे देश से इस समय उनके लिए प्रार्थनाओं का दौर जारी है।
अब, राजू श्रीवास्तव के परिवार ने उनके स्वास्थ्य की स्थिति पर अपडेट देने के लिए एक नोट जारी किया और कहा कि, उनकी हालत स्थिर है। नोट में लिखा है, ''राजू श्रीवास्तव जी की हालत स्थिर है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं और अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं। सभी शुभचिंतकों को उनके निरंतर प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद। कोई अफवाह या फर्जी खबर पर ध्यान न दें। कृपया उनके लिए प्रार्थना करें। राजू श्रीवास्तव का परिवार।''
(ये भी पढ़ें- श्रद्धा आर्या ने अपने आलीशान घर की दिखाई झलक, शेयर कीं खूबसूरत तस्वीरें)
इससे पहले, राजू श्रीवास्तव के कॉमेडियन-दोस्त अहसान कुरैशी ने 'पिंकविला' को उनके स्वास्थ्य के बारे में अपडेट दिया था और बताया था कि, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा को फोन कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और सपोर्ट की बात कही। उन्होंने यह भी कहा था कि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उनके लिए सपोर्ट देने की बात कही है।
'पीटीआई' की रिपोर्ट के अनुसार, कॉमेडियन की एंजियोप्लास्टी हुई। उन्हें 10 अगस्त 2022 की सुबह करीब 10:45 बजे एम्स की इमरजेंसी में लाया गया था। सूत्र ने 'पीटीआई' को बताया, श्रीवास्तव को तीन बार एंजियोप्लास्टी करना पड़ा। उन्हें कोरोनरी केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल, हम राजू श्रीवास्तव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।