आज हम बॉलीवुड की उन स्टार दुल्हनों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने ग्रैंड वेडिंग के बजाय अपनी प्राइवेट शादी से एक नया ट्रेंड सेट किया और अपने सिंपल वेडिंग लुक से भी सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।
बी-टाउन के स्टार्स हमेशा से अपनी शान-ओ-शौकत के चलते लाइमलाइट में बने रहते हैं। करीना कपूर खान, प्रियंका चोपड़ा जोनस, अनुष्का शर्मा और सोनम कपूर आहूजा तक, कई अभिनेत्रियों ने अपने लाइफ पार्टनर के साथ शाही अंदाज में शादी करके अपने रुतबे को दिखाया है। हालांकि, कुछ ऐसे भी सेलिब्रिटीज हैं, जिन्होंने भव्य शादी को छोड़ अपने नजदीकी लोगों की मौजूदगी में सिपंल शादी को तवज्जो दी। आज हम आपको बॉलीवुड की उन सेलिब्रिटीज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने ग्रैंड वेडिंग के बजाय अपनी प्राइवेट शादी से एक नया ट्रेंड सेट किया और अपने सिंपल वेडिंग लुक से भी सबको दीवाना बनाया।
‘आयशा’ और ‘वेक अप सिड’ जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुकी प्रोड्यूसर रिया कपूर ने 14 अगस्त 2021 को अपने 12 साल के प्यार, डायरेक्टर व प्रोड्यूसर करण बुलानी (Karan Boolani) संग शादी रचाई थी। कपूर खानदान बॉलीवुड के सबसे चर्चित परिवारों में से एक है, ऐसे में लोग उम्मीद कर रहे थे कि, सोनम कपूर की तरह रिया भी एक भव्य समारोह में शादी करेंगी। लेकिन उन्होंने अपने पिता अनिल कपूर के जुहू स्थित घर में शादी करने वाले फैसले से सभी को हैरान कर दिया था। उनकी शादी कुछ करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों की मौजूदगी में संपन्न हुई थी।
(ये भी पढ़ें- प्रियंका चोपड़ा से लेकर ईशा अंबानी तक, अबू जानी-संदीप खोसला ने 35 साल में तैयार कीं अनगिनत दुल्हनें)
रिया कपूर ने न केवल अपनी घर वाली शादी से लोगों को हैरान किया, बल्कि अपने सिंपल वेडिंग लुक से भी एक नया ‘ब्राइडल लुक’ का ट्रेंड सेट किया। उन्होंने अपनी शादी में फैशन डिजाइनर अनामिका खन्ना के द्वारा डिजाइन की गई व्हाइट कलर की चंदेरी साड़ी पहनी थी, जिसे उन्होंने यूनिक मोतियों के दुपट्टे (Pearl Veil) के साथ कैरी किया था। इसके अलावा, उन्होंने अपनी मां सुनीता कपूर की ज्वैलरी पहनी थी, जिसमें चोकर, कड़े और इयररिंग्स शामिल थे। इतना ही नहीं, रिया कपूर ने अपना मेकअप भी न्यूड रखा था। कुल मिलाकर रिया अपनी शादी में यूनिक और खूबसूरत लग रही थीं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम ने 4 जून 2021 को लंबी डेटिंग के बाद ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के डायरेक्टर आदित्य धर (Aditya Dhar) के साथ शादी की थी। एक्ट्रेस ने अपनी शादी एकदम गुपचुप रखी थी और एक पोस्ट के जरिए उन्होंने अपनी शादी की घोषणा की थी। यामी गौतम हमेशा से एक इंटीमेट वेडिंग चाहती थीं। इसलिए उन्होंने अपने होमटाउन हिमाचल प्रदेश में घर पर ही शादी रचाई। उन्होंने अपनी शादी को ताम-झाम से दूर रखा था।
यामी ने न केवल अपनी शादी को पांरपरिक बनाया था, बल्कि अपना वेडिंग लुक भी पारंपरिक रखा था। उन्होंने हैवी लहंगे को छोड़ते हुए अपनी मां की 33 साल पुरानी लाल रंग की साड़ी पहनी थी, जो उनकी मां की शादी का जोड़ा था। इसके अलावा यामी ने अपनी नानी के द्वारा गिफ्ट किया हुआ लाल रंग का खूबसूरत दुपट्टा अपने सिर पर रखा था। इसके साथ उन्होंने गोल्ड की ज्वैलरी कैरी की थी और कम मेकअप के साथ उन्होंने लाल कलर की डार्क लिपस्टिक से अपने लुक को निखारा था। यामी के वेडिंग लुक को उनके फैंस ने भी खूब पसंद किया था।
बी-टाउन की क्यूट एक्ट्रेस दीया मिर्जा हर मायनों में लोगों के लिए प्रेरणादायक महिला के रूप में देखी जाती हैं। उन्होंने 15 फरवरी 2021 को बिजनेसमैन वैभव रेखी संग दूसरी शादी की थी। उन्होंने भव्य समारोह की बजाय अपने घर के गार्डन में शादी करने का फैसला किया था, जहां उन्होंने अपने 19 साल बिताए हैं। उन्होंने अपनी शादी को इकोफ्रेंडली बनाने के लिए अपने घर में कम से कम और प्रकृति के अनुकूल चीजों का उपयोग करते हुए सजावट की थी। उनकी शादी में एक खास बात ये भी कि, उन्होंने पुरुष पंडित की जगह महिला पंडित से अपनी शादी के मंत्र पढ़वाए थे।
(ये भी पढ़ें- ऐश्वर्या राय से करीना कपूर तक, इन 9 एक्ट्रेसेस ने अपनी शादी में पहने थे इतने महंगे वेडिंग आउटफिट्स)
दीया मिर्जा ने अपनी सिंपल शादी की तरह अपना वेडिंग लुक भी सादा रखा था। उन्होंने अपनी शादी के दिन लाल रंग की बनारसी साड़ी पहनी थी, जिसके साथ उन्होंने लाल रंग का खूबसूरत दुपट्टा कैरी किया था। अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए दीया ने हरे रंग की ज्वैलरी का इस्तेमाल किया। उन्होंने गोल्ड कड़े के साथ हरे रंग की चूड़ियां, ग्रीन ड्रॉप्स वाला माथा पट्टी, गोल्डन व ग्रीन ड्रॉप्स वाले झुमके व चोकर पहना था और मिनिमल मेकअप से अपने आपको और निखारा था। दीया अपनी शादी में सिंपल और आकर्षक लग रही थीं।
एक्ट्रेस नेहा धूपिया अपनी दमदार पर्सनैलिटी के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने 10 मई 2018 को अपने से दो साल छोटे एक्टर अंगद बेदी से गुपचुप शादी रचाई थी। एक्ट्रेस ने अपनी शादी की भनक किसी को नहीं पड़ने दी थी। नेहा और अंगद ने करीबी रिश्तेदार और दोस्तों की मौजूदगी में गुरुद्वारे में शादी की थी।
नेहा धूपिया ने अपनी शादी के दिन लाल रंग का जोड़ा छोड़ते करते हुए हल्के गुलाबी रंग का खूबसूरत लहंगा पहना था, जिसके साथ उन्होंने दो मैचिंग दुपट्टे लिए थे, इनमें से एक उन्होंने पिनअप किया था और दूसरे को अपने सिर पर रखा था। इसके साथ उन्होंने ग्रीन ड्रॉप्स वाला चोकर, इयररिंग्स, एक हल्का माथा पट्टी, हाथों में चूड़ा और कलीरें पहनी थीं। नेहा ने भी रिया की तरह अपने मेकअप को न्यूड रखा था, जिसमें वो काफी जच रही थीं।
‘ये जवानी है दीवानी’ और ‘यारियां’ जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बना चुकी एवलिन शर्मा ने 15 मई 2021 को अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड व मंगेतर तुशान भिंडी (Tushaan Bhindi) संग एक इंटीमेट सेरेमनी में शादी रचाई थी। अपनी चर्च वेडिंग की जानकारी एक्ट्रेस ने 7 जून 2021 को एक पोस्ट के जरिए आधिकारिक की थी।
एवलिन ने अपनी शादी के दिन व्हाइट कलर का नेट का लॉन्ग गाउन पहना था, जिस पर फूलों की कढ़ाई की गई थी। अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए एक्ट्रेस ने स्टेटमेंट ईयररिंग्स पहन रखे थे और अपने बालों को खुला रखा था। इसमें वो सिंपली बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
(ये भी पढ़ें- हिंदू वेडिंग में लिए जाने वाले सात फेरों के ये हैं मायने, हर फेरे में छुपा है एक गहरा रहस्य)
तो ये थीं, बी-टाउन की वो सेलिब्रिटीज, जिन्होंने भव्य शादी को किनारे कर सिंपल वेडिंग से अपने खास दिन को अपनी फैमिली व दोस्तों के साथ सेलिब्रेट किया था। तो इनमें से किस सेलिब्रिटी का वेडिंग लुक आपको सबसे अच्छा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।