इस स्टोरी में हम आपको बॉलीवुड सितारों की उन चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी भारी कीमत पर नीलामी कर दी गई थी।
फिल्म इंडस्ट्री एक ऐसी जगह है, जहां हर दिन हजारों-लाखों लोग अपनी किस्मत आजमाने के लिए आते हैं, लेकिन कामयाबी की सीढ़ियां कुछ गिने-चुने लोग ही चढ़ पाते हैं। आज के समय में बॉलीवुड में कई ऐसे अभिनेता और अभिनेत्रियां हैं, जिन पर लाखों लोग फिदा हैं। उनकी एक्टिंग, फैशन सेंस और लाइफस्टाइल के बारे में जानने के लिए उनके चाहने वाले बेताब रहते हैं। हालांकि, एक एक्टर स्टार तभी बनता है, जब उसके फैंस चाहते हैं। बिना फैंस के, सुपरस्टार का खिताब किसी भी आर्टिस्ट को मिलना असंभव होता है।
हम सभी ने कुछ ऐसे दीवाने देखे हैं, जो अपने पसंदीदा अभिनेता या अभिनेत्री के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार रहते हैं। जब अपने पसंदीदा स्टार से चीजें लेने की बात आती है, तो वे पागल हो जाते हैं। फैंस अपने प्रिय अभिनेता या अभिनेत्री द्वारा पहनी गई चीजों को पाने का एक भी मौका नहीं छोड़ते हैं और इससे अच्छा मौका और क्या हो सकता है, जब सितारे खुद अपना सामान बेचने के लिए नीलामी करते हैं। कई बार हमारे बॉलीवुड सेलिब्रिटीज अपने अनोखे सामान को करोड़ों रुपये में नीलाम कर चुके हैं। आइए आपको बताते हैं उन सितारों के बारे में, जिन्होंने अपना कीमती सामान नीलामी में बेच दिया और जानते हैं इसके पीछे की वजह।
दिग्गज अभिनेत्री माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) उस वक्त सेंसेशन बन गई थीं, जब उन्होंने फिल्म ‘बेटा’ में ‘धक-धक’ गाने पर डांस किया था। इसी गाने की वजह से एक्ट्रेस को ‘धक-धक गर्ल’ भी कहा जाता है। इस गाने के दौरान माधुरी ने एक पीले रंग की साड़ी पहनी थी, जिसे एक चैरिटी के लिए नीलाम कर दिया गया था। इसे उस वक्त 80 हजार रुपए में नीलाम किया गया था। इसके अलावा, एक्ट्रेस ने फिल्म ‘देवदास’ के गाने ‘मार डाला’ में हरे रंग की भारी कढ़ाई वाली खूबसूरत ड्रेस पहनी थी, जिसे उनके फैंस ने खूब पसंद किया था। इस खूबसूरत ड्रेस को उस वक्त 3 करोड़ रुपए में बेचा गया था।
‘ग्लोबल आइकन’ प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) अपनी एक्टिंग के अलावा अपने फैशन सेंस को लेकर भी लाइमलाइट में रहती हैं। उनकी फैन फॉलोइंग भारत समेत दुनियाभर में है। एक्ट्रेस अपनी प्रोफेशनल लाइफ में जितनी सक्सेसफुल हैं, उतना वो सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं। प्रियंका ने ‘यूनिसेफ’ (UNICEF) के लिए धन जुटाने के लिए अपनी क्रिश्चियन लुबोटिन हील्स को नीलामी के लिए रखा था। इस हाई हील्स को 2.5 लाख रुपये में बेचा गया था, जिसे ‘यूनिसेफ’ के ‘सेव द गर्ल’ अभियान के लिए दान किया गया था।
करीना कपूर (Kareena Kapoor) अपने फैशन सेंस के लिए जानी जाती हैं। फिल्म ‘हीरोइन’ का ‘हलकट जवानी’ गाना बॉलीवुड में हिट रहा था और इस गाने में उनके सुपर हॉट लुक ने फैंस को दीवाना बना दिया था। इस गाने के लिए उन्होंने पिंक कलर की साड़ी के साथ डीप गले वाला ब्लैक कलर का ब्लाउज पहना था। इस ड्रेस को उनके दोस्त और फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने डिजाइन किया था। बाद में एक्ट्रेस ने अपने चैरिटेबल एसोसिएशन के लिए इस ड्रेस को नीलाम कर दिया था। हालांकि, इसकी कीमत के बारे में जानकारी नहीं दी गई थी।
क्या आपको ‘बॉम्बे वेलवेट’ फिल्म में अभिनेत्री अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) और अभिनेता रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) का लुक याद है? इस फिल्म में दोनों बिल्कुल अनोखे लुक में दिखाई दिए थे और फिल्म में अपने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया था। नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए धन जुटाने के लिए दोनों मशहूर हस्तियों द्वारा पहने गए इन कॉस्ट्यूम्स को नीलाम कर दिया गया था। हालांकि, इसकी राशि का खुलासा नहीं किया गया था।
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने फिल्म ‘ओह माय गॉड’ में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म के एक सीन में अक्षय ने एक क्लासी सूट पहना था। इस सूट को नीलामी में 15 लाख रुपए की भारी कीमत के साथ बेचा गया था।
अभिनेता आमिर खान (Aamir Khan) स्टारर फिल्म ‘लगान’ बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। इस फिल्म ने लोगों में देशभक्ति की भावना लाई और ब्रिटिश शासन के तहत भारत के संघर्षों को प्रदर्शित किया। इसके एक सीन में आमिर खान को बैटिंग करते हुए देखा गया था। जिस बल्ले यानी बैट के साथ आमिर खान को क्रिकेट खेलते देखा गया था, उसे चैरिटेबल उद्देश्य के लिए 1,56,000 रुपए में बेच दिया गया था। खास बात ये थी कि, इस बैट पर आमिर खान समेत ‘लगान’ की पूरी कास्ट ने हस्ताक्षर किए थे।
अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ का गाना ‘जीने के हैं चार दिन’ आज भी उनके फैंस की जुबान पर रहता है। इस गाने में उनके द्वारा टॉवल (तौलिया) से किया गया डांस भी खूब हिट हुआ था। सलमान खान ने गाने में जिस टॉवल का इस्तेमाल किया था, उसे बाद में 1,42,000 रुपये में बेच दिया गया था और इसकी राशि को ‘सोसाइटी फॉर न्यूट्रिशन, एजुकेशन एंड हेल्थ एक्शन’ नामक एनजीओ को दान कर दिया गया था।
बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान (Shahrukh Khan) का भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी तगड़ा फैन बेस है। उनकी एक झलक पाने के लिए उनके चाहने वाले हमेशा बेताब रहते हैं। ऐसे में जब शाहरुख ने अपनी डूडल पेंटिंग को नीलाम करने का फैसला किया, तब उनके फैंस उसे खरीदने के लिए पागल हो गए थे। इस डूडल पेंटिंग को 2 लाख रुपए में बेचा गया था, जिसमें विभिन्न फ्रांसीसी तत्व जैसे एफिल टॉवर, कॉनकॉर्ड, वोल्टेयर आदि बनाए गए थे।
अभिनेता शम्मी कपूर ने अपने जमाने में लाखों लोगों का दिल चुराया है। उन्होंने फिल्म ‘जंगली’ से बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग हासिल की थी। उनके फैंस को इस फिल्म में पहने गए एक्टर का आउटफिट काफी पसंद आया था और जब शम्मी कपूर का स्कार्फ नीलामी में रखा था, तब इसे 1,56,000 रुपये में बेचा गया था। यही नहीं, इस फिल्म में उनके द्वारा पहनी गई जैकेट को भी नीलाम किया गया था, जिसे किसी और ने नहीं, बल्कि ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान ने 88,000 रुपए में खरीदा था।
‘उमराव जान’ फिल्म में फारुख शेख (Farooq Sheikh) ने 'नवाब सुल्तान' का किरदार निभाया था। उनके अभिनय की दर्शकों और आलोचकों ने समान रूप से प्रशंसा की थी। 'नवाब सुल्तान' उर्फ फारूख शेख ने फिल्म में एक फिरोज़ा चांदी की अंगूठी पहनी थी, जिसे बाद में 96,000 रुपये की कीमत में बेच दिया गया था।
तो ये थे वो स्टार्स, जिनकी चीजों को उनके दिलदार फैंस ने खरीद लिया था। तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।