आज हम आपको बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके वेडिंग आउटफिट्स के प्राइस आपके होश उड़ा देंगे।
हर लड़की का सपना होता है कि, उसकी शादी ग्रैंड तरीके से हो। ब्राइडल लहंगे से लेकर ज्वैलरी तक, दुल्हन अपनी शादी के दिन सबसे अलग दिखने की पूरी कोशिश करती है। हर दुल्हन चाहती है कि, वो अपनी शादी में बॉलीवुड एक्ट्रेसेस के जैसे वेडिंग आउटफिट पहने। हालांकि, अगर आप वाकई बी-टाउन की स्टार दुल्हनों के वेडिंग आउटफिट्स पहनना चाहती हैं, तो जरा अपनी जेब पर एक नजर डाल लें। क्योंकि आज हम आपको बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके वेडिंग आउटफिट्स के प्राइस आपके होश उड़ा देंगे।
दुनिया की सबसे खूबसूरत महिलाओं में से एक एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय ने अभिनेता अभिषेक बच्चन से 20 अप्रैल 2007 को शादी रचाई थी। अपनी शादी के दिन ऐश्वर्या ने फैशन डिजाइनर नीता लुल्ला के द्वारा डिजाइन की हुई येलो और गोल्डन कलर की कांजीवरम साड़ी पहनी थी। ये कोई आम कांजीवरम साड़ी नहीं थी। इसमें स्वारोवस्की क्रिस्टल और सोने के धागे का काम हुआ था। इस लुक को कंप्लीट करने के लिए ऐश्वर्या ने 22 कैरेट सोने की ज्वैलरी पहनी थी और बालों में सफेद फूलों का बन लगाया था। ऐश्वर्या राय की ये ब्राइडल साड़ी 75 लाख रुपए की थी।
(ये भी पढ़ें- अभिषेक ने ऐश्वर्या को फिल्मी स्टाइल में किया था प्रपोज, काफी इंट्रेस्टिंग है कपल की लव स्टोरी)
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने लंदन बेस्ड बिजनेसमैन राज कुंद्रा से 22 नवंबर 2009 को शादी रचाई थी। अपनी शादी के दिन शिल्पा ने टॉप फैशन डिजाइनर तरुण तहिलियानी के द्वारा डिजाइन की हुई लाल रंग की साड़ी पहनी थी, जिसमें महीनता के साथ करीब 8000 स्वारोवस्की क्रिस्टल जोड़े गए थे। अपने लुक को शिल्पा ने हीरा और पन्ने की ज्वैलरी के साथ कंप्लीट किया था।। शिल्पा शेट्टी की ये वेडिंग साड़ी 50 लाख रुपए की थी।
एक्ट्रेस करीना कपूर ने अभिनेता सैफ अली खान से 16 अक्टूबर 2012 को शादी की थी। अपनी शादी के दिन एक्ट्रेस ने अपनी सास शर्मिला टैगोर का शादी का जोड़ा यानी घरारा सेट पहना था, जिसे फैशन डिजाइनर रितु कुमार ने रिक्रिएट किया था। हालांकि, अपनी रिसेप्शन पार्टी में करीना कपूर खान ने फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के द्वारा डिजाइन किया हुआ बरगंडी लहंगा पहना था, जिसे उन्होंने मैरून दुपट्टे के साथ टीमअप किया था। उन्होंने शाही कुंदन और सोने की ज्वैलरी के साथ अपने लुक को और निखारा था। करीना कपूर का ये लहंगा 50 लाख रुपए का था।
दिग्गज अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली संग 11 दिसंबर 2017 को एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी रचाई थी। अपनी शादी के दिन अनुष्का बेबी पिंक कलर के लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्होंने सब्यसाची द्वारा सेट किए गए पारंपरिक चोकर के साथ अपनी ड्रेस को कंप्लीट किया था। इस यादगार लुक के लिए उन्होंने अपने वेडिंग आउटफिट पर 30 लाख रुपए खर्च किए थे।
(ये भी पढ़ें- अनुष्का शर्मा ने विराट कोहली को पहली मुलाकात में क्यों दिखाया था घमंड, एक्ट्रेस ने बताई थी वजह)
एक्ट्रेस जेनेलिया डिसूजा ने साल 2012 में अभिनेता रितेश देशमुख के साथ क्रिश्चियन और महाराष्ट्रियन दो रीति-रिवाज से शादी की थी। महाराष्ट्रियन शादी के लिए उन्होंने फेमस फैशन डिजाइनर नीता लुल्ला के द्वारा डिजाइन की हुई ट्रेडिशनल साड़ी पहनी थी, जिस पर सोने के कुंदन का वर्क किया हुआ बॉर्डर था। इस महाराष्ट्रियन साड़ी की कीमत 17 लाख रुपए थी।
एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने 42 साल की उम्र में बिजनेसमैन मोहसिन अख्तर मीर संग शादी रचाई थी। शादी के दौरान उर्मिला न केवल अपने इंटर-कास्ट मैरिज को लेकर चर्चा में रहीं, बल्कि उनका वेडिंग आउटफिट भी लोगों को काफी पसंद आया था। उर्मिला ने अपनी शादी में फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के द्वारा डिजाइन किया हुआ लाल कलर का साड़ी-लहंगा पहना था। अपने इस ओवरऑल लुक को कंप्लीट करने के लिए उर्मिला मातोंडकर ने ग्रीन और कुंदन ज्वैलरी का सहारा लिया था, जिसमें वो काफी खूबसूरत लग रही थीं। उनके वेडिंग आउटफिट का प्राइस 4.50 लाख रुपए का था।
‘बंगाली ब्यूटी’ बिपाशा बसु ने 30 अप्रैल 2016 को एक्टर करण सिंह ग्रोवर संग शादी की थी। बंगाली होने के चलते बिपाशा ने रेड कलर का वेडिंग आउटफिट चुना था। उन्होंने फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी के द्वारा डिजाइन की हुई रेड और गोल्डन कलर की साड़ी पहनी थी, जिसकी कीमत 4 लाख रुपए थी। उन्होंने कुंदन ज्वैलरी से अपने लुक को और निखारा था।
(ये भी पढ़ें- करोड़ों की कार में घूमते हैं बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर, कपल की कुल संपत्ति जानकर हो जाएंगे हैरान)
बी-टाउन की सिंपल और क्यूट एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने अपनी फिल्मों के अलावा अपने वेडिंग आउटफिट्स से भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। दीया मिर्जा ने दो शादियां की हैं। पहली शादी उन्होंने प्रोड्यूसर साहिल सांघा के साथ की थी। अपनी शादी में दीया ने लहंगा और साड़ी को छोड़कर रितु कुमार के द्वारा डिजाइन की किया हुआ सूट पहना था। ग्रीन और क्रीम कलर के एक फारशी पायजामा के साथ एक कुर्ती थी, जिस पर हैदराबादी संस्कृति को दर्शाते हुए कढ़ाई की गई थी। इस सुंदर सूट की कीमत 3 लाख रुपए थी।
अभिनेत्री ईशा देओल के लिए डिजाइनर नीता लुल्ला द्वारा एक सुंदर शादी का जोड़ा डिजाइन किया गया था। ईशा को लाल और सोने के वर्क वाली कांजीवरम साड़ी पहने देखा गया, जो पारंपरिक भारतीय संस्कृति का सही प्रतिनिधित्व करती है। आकर्षक साड़ी को सोने, पन्ना और हीरे के गहनों के साथ जोड़कर, ईशा ने अपने डी-डे पर इस लुक को कंप्लीट किया था। इस वेडिंग आउटफिट की कीमत 3 लाख रुपए थी।
(ये भी पढ़ें- जब ईशा देओल ने भरत तख्तानी को जड़ दिया था थप्पड़, फिर ऐसे दोनों आए करीब)
फिलहाल, इन अभिनेत्रियों ने अपने वेडिंग लुक से कई लड़कियों को इंस्पायर किया है। तो आपको इनमें से किसका आउटफिट सबसे ज्यादा पसंद आया है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।