बंगाली अभिनेत्री एंड्रिला शर्मा का आज यानी 20 नवंबर 2022 को कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।
मनोरंजन जगत से बेहद बुरी खबर सामने आई है। बंगाली अभिनेत्री एंड्रिला शर्मा (Aindrila Sharma) का आज यानी 20 नवंबर 2022 को कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया, जहां इस सप्ताह के शुरू में कई कार्डियक अरेस्ट से पीड़ित होने के बाद उनका इलाज चल रहा था। वह 24 वर्ष की थीं।
एंड्रिला को ब्रेन स्ट्रोक के बाद 1 नवंबर 2022 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें इंट्राक्रेनियल हेमरेज हुआ था और उन्हें लेफ्ट फ्रंटो टेम्पोरो पैरिएटल डी-कंप्रेसिव क्रैनियोटॉमी सर्जरी से गुजरना पड़ा था। 14 नवंबर 2022 को एक्ट्रेस को कई बार कार्डियक अरेस्ट का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। एंड्रिला ने आज यानी 20 नवंबर 2022 को अंतिम सांस ली।
इससे पहले, एंड्रिला के बॉयफ्रेंड सब्यसाची चौधरी ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों से एक्ट्रेस के लिए प्रार्थना करने के लिए कहा था। उन्होंने लिखा था, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इसे यहां लिखूंगा। बहरहाल, आज के दिन एंड्रिला के लिए प्रार्थना करें। चमत्कार के लिए प्रार्थना करें। उनके लिए सभी बाधाओं के खिलाफ प्रार्थना करें।”
कैंसर से बचने वाली एंड्रिला शर्मा का जन्म और पालन-पोषण बेरहामपुर (पश्चिम बंगाल) में हुआ था। उन्होंने 'झूमर' के साथ अपना टेलीविजन डेब्यू किया था और 'महापीठ तारापीठ', 'जीबन ज्योति' और 'जियोन काठी' जैसे शोज में भी अभिनय किया है। वह 'एमी दीदी नंबर 1' और 'लव कैफे' जैसी फिल्मों का भी हिस्सा थीं।
फिलहाल, हम भी उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि देते हैं।