टीवी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे और विक्की जैन की शादी को 14 जुलाई 2022 को 6 महीने पूरे हो गए हैं। इस मौके पर एक्ट्रेस ने फोटोज की एक सीरीज शेयर की है। आइए आपको दिखाते हैं।
टीवी शो 'पवित्र रिश्ता' फेम एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे (Ankita Lokhande) ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड व बिजनेसमैन विक्की जैन (Vicky Jain) संग 14 दिसंबर 2021 को मुंबई के एक पांच सितारा होटल में काफी भव्य तरीके से शादी की थी। दोनों की शादी को आज यानी 14 जुलाई 2022 को छह महीने पूरे हो गए हैं। इस खास मौके को कपल ने साथ में सेलिब्रेट किया है। आइए आपको दिखाते हैं तस्वीरें।
पहले तो ये जान लीजिए कि, दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत से ब्रेकअप के बाद अंकिता लोखंडे को विक्की जैन में अपना प्यार मिला था। कई सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने साल 2021 के अंत में एक-दूजे के साथ जीने-मरने की कसमें खाईं और सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक हो गए। अपनी शादी के दिन अंकिता लोखंडे ने डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के कलेक्शन से एक गोल्डन कलर का भारी लहंगा पहना था। उन्होंने अपनी ज्वेलरी भी हेरिटेज रखी थी और अपने ओवरऑल लुक से वह एक शाही दुल्हन की वाइब्स दे रही थीं। वहीं, आइवरी कलर की शेरवानी में विक्की जैन भी काफी हैंडसम लग रहे थे। शादी के 6 महीने बाद भी दोनों न्यूली मैरिड कपल गोल्स दे रहे हैं।
(ये भी पढ़ें- नीतू कपूर ने बेटे रणबीर के साथ किया जबरदस्त डांस, 'मम्मी' की एनर्जी देख क्रेजी हुए फैंस)
अब अपनी सिक्स मंथ एनिवर्सरी पर अंकिता लोखंडे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह अपने लविंग हसबैंड के साथ दिल के शेप का केक काटती हुई दिख रही हैं। उनके साथ उनकी फैमिली भी इस मौके को सेलिब्रेट कर रही है। इस पोस्ट को शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा, ''हमें 6 महीने मुबारक हो बेबी। इसे इतना खास बनाने के लिए थैंक्यू मेरी फैमिली। लव यू दोस्तों... इसे इतना यादगार बनाने के लिए मेरी प्यारी भाभी को विशेष धन्यवाद। मुझे पहले से ही सभी की याद आ रही है। जल्दी आना वापस.. ढेर सारा प्यार। रिया, विवान आंटी आपको याद कर रही हैं।''
(ये भी पढ़ें- राजकुमार राव ने शादी में पत्रलेखा से अपनी मांग में सिंदूर लगवाने पर की बात, कहा- 'यह प्रेरक था')
'हिंदुस्तान टाइम्स' को दिए एक इंटरव्यू में अंकिता ने विक्की के साथ अपनी शादी के बारे में विस्तार से बात की थी और कहा था कि, वह बस खुश थीं कि, उनकी शादी हो रही थी और उन्होंने मज़े किए, क्योंकि यह एक सुंदर शादी थी। अंकिता ने खुलासा किया था कि, उनकी शादी भावनाओं से भरी थी। जब अंकिता से उनके भावुक पल के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने कहा था कि, जब उन्होंने अपने पिता को रोते हुए देखा, तो वह अपने आंसू नहीं रोक पाईं। अंकिता ने कहा था, "हर किसी की अपनी शादी की योजना होती है। विक्की और मैंने भी कुछ चीजों की योजना बनाई थी। जो सोचा था, उससे कहीं ज्यादा अच्छा हुआ। हम एक्साइटेड और नर्वस दोनों थे, क्योंकि यह पहली बार फील कर रहे थे। मैं हमेशा चाहती थी कि, मेरी शादी अलग तरीके से हो। यह बहुत उत्तम दर्जे का था, जैसा मैं चाहती थी।”
(ये भी पढ़ें- आसिम रियाज ने गर्लफ्रेंड हिमांशी खुराना संग इस्तांबुल में मनाया बर्थडे, यहां देखें झलकियां)
फिलहाल, अंकिता और विक्की अपनी शादीशुदा जिंदगी में बेहद खुश हैं। हम भी कपल को उनकी सिक्स मंथ एनिवर्सरी पर ढेर सारी बधाई देते हैं। तो आपको इनकी जोड़ी कैसी लगती है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।