हाल ही में, हमें अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी से पहले नीता अंबानी के एक लुक की झलकियां मिली है, जिसमें वह एक रंगकट साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही हैं। आइए आपको दिखाते हैं।
अनंत अंबानी (Anant Ambani) और राधिका मर्चेंट (Radhika Merchant) कई सालों की डेटिंग के बाद आखिरकार आज यानी 12 जुलाई 2024 को शादी के बंधन में बंधने के लिए तैयार हैं, जिसका हर किसी को बेसब्री से इंतजार है। इस बीच, हाल ही में हमें अनंत की शादी के दिन से नीता अंबानी का नया लुक देखने को मिला है, जिसमें वह डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की खास साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी से पहले एक फंक्शन के लिए नीता अंबानी ने मनीष मल्होत्रा के कलेक्शन से एक स्पेशल साड़ी पहनी थी। उनकी साड़ी में वाराणसी की झलक दिखाई गई थी, जो वाकई भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नीता की तरफ से एक ट्रिब्यूट था। उनकी यह 28 चौक जाल रंगकट साड़ी फूलों की आकृति और लाइव ज़री कढ़ाई से सजी थी। जब इवेंट वेन्यू 'NMACC' को काशी की थीम पर सजाया गया था।
बता दें कि नीता की इस खास साड़ी को मनीष मल्होत्रा ने 'स्वदेश' के साथ मिलकर डिज़ाइन और स्टाइल किया था। जानकारी के मुताबिक, उनकी इस रियल रंगकट साड़ी को बुनने में छह महीने से ज़्यादा का समय लगा। नीता ने अपने ड्रेप को टैसल डिटेलिंग वाली लाइम ग्रीन कलर की ब्लाउज के साथ जोड़ा था। हालांकि, ये उनके बालों में लगा गजरा था, जो उनके पूरे लुक में ओम्फ फैक्टर जोड़ रहा था। अपने लुक को निखारने के लिए उन्होंने बिंदी, चूड़ियां और सॉफ्ट मेकअप का विकल्प चुना था।
अनंत व राधिका की शादी निश्चित रूप से दुनियाभर में हाई-प्रोफाइल इवेंट होने जा रहा है, जिसे सालों तक याद किया जाएगा। शादी की रस्में 12 जुलाई 2024 को दोपहर 3 बजे से शुरू होंगी। बारात और साफा बांधने की रस्म दोपहर 3 बजे शुरू होगी, जिसके बाद बारात वेडिंग वेन्यू पहुंचेगी।
जानकारी के मुताबिक, कपल की वरमाला की रस्म रात 8 बजे होगी और फिर शादी का मुहूर्त शुरू होगा। अनंत और राधिका रात 9:30 बजे लग्न विधि के पवित्र समय में शादी के बंधन में बंध जाएंगे। इसके बाद, अगले दिन 13 जुलाई को उनका आशीर्वाद समारोह और 14 जुलाई 2024 को 'मंगल उत्सव' (रिसेप्शन) होगा। अनंत और राधिका की शादी का जश्न 'जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर' में होगा और समारोह के लिए ड्रेस कोड ट्रेडिशनल इंडियन होगा।
फिलहाल, आपको नीता अंबानी का लुक कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।