हाल ही में, टीवी एक्टर नील भट्ट और एक्ट्रेस ऐश्वर्या शर्मा ने शादी के बाद रिसेप्शन पार्टी आयोजित की थी, जिसमें मशहूर अभिनेत्री रेखा शामिल हुईं। आइए आपको दिखाते हैं इसकी झलकियां।
टेलीविजन इंडस्ट्री में ऐसी कई जोड़ियां हैं, जो ऑनस्क्रीन परफॉर्म करते-करते ऑफस्क्रीन कपल के रूप में तब्दील हो गईं। ऐसी ही टीवी की एक पॉपुलर जोड़ी है ऐश्वर्या शर्मा (Aishwarya Sharma) और नील भट्ट (Neil Bhatt) की। ऐश्वर्या और नील को उनके फैंस बहुत पसंद करते हैं और अब ये जोड़ी रील से रियल बन चुकी है।
सीरियल 'गुम है किसी के प्यार में' के अभिनेता नील भट्ट और अभिनेत्री ऐश्वर्या शर्मा की मुलाकात सीरियल के सेट पर ही हुई थी। दोनों काफी जल्दी समझ गए थे कि, उनके बीच में एक अलग कनेक्शन है। कुछ ही दिनों बाद नील ने अपनी बेटरहाफ ऐश्वर्या को प्रपोज कर दिया था और दोनों ने डेटिंग शुरू कर दी। एक-दूसरे को लगभग एक साल तक डेट करने के बाद इस कपल ने शादी करने का फैसला किया था और 30 नवंबर 2021 को शादी के बंधन में बंध गए।
(ये भी पढ़ें: नई दुल्हन ऐश्वर्या शर्मा का फर्स्ट लुक: 'सिंदूर' और ट्रेडिशनल चूड़ियों में दिखीं बेहद खूबसूरत)
2 दिसंबर 2021 को नील और ऐश्वर्या ने अपने दोस्तों के लिए मुंबई में रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया था। लेकिन कपल को उनकी शादी का सबसे बड़ा सरप्राइज तब मिला, जब उनके इस स्पेशल-डे पर दिग्गज अभिनेत्री रेखा ने शिरकत की। उन्होंने नील और ऐश्वर्या को एक खूबसूरत गिफ्ट भी दिया। सदाबहार अभिनेत्री अपनी सिग्नेचर कांजीवरम गोल्डन साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। जैसे ही वो मंच के पास आईं, नील और ऐश्वर्या उनका स्वागत करने के लिए दौड़े, जिसके बाद रेखा ने गले मिलकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में नील और ऐश्वर्या अपने रिसेप्शन में रेखा की मौजूदगी से बेहद खुश दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अभिनेत्री को मंच पर कपल के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है। रेखा के अलावा, नील और ऐश्वर्या के सह-कलाकार भी पार्टी में पहुंचे थे।
(ये भी पढ़ें: ऐश्वर्या शर्मा और नील भट्ट ने रचाई शादी, 'बंधनी' लहंगे में राजकुमारी लग रहीं एक्ट्रेस)
नील और ऐश्वर्या दोनों ने अपनी रिसेप्शन पार्टी के लिए नीले रंग का चुनाव किया था। जहां नील ने नीले रंग का जोधपुरी आउटफिट पहना था, वहीं ऐश्वर्या सी-ब्लू कलर के गाउन में बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
नील और ऐश्वर्या ने पारंपरिक तरीके से शादी की थी, जहां ऐश्वर्या ने अपने ब्लाउज पर 'स्वास्तिक' के प्रतीक के साथ 'बंधनी' प्रिंट में लाल और सफेद रंग का लहंगा पहना था, वहीं नील सफेद धोती-कुर्ते में खूब जच रहे थे। फिलहाल, हमें नील और ऐश्वर्या के शादी और रिसेप्शन का लुक बेहद पसंद आया। तो, आपका इस कपल के बारे में क्या कहना है? हमें कमेंट में अवश्य बताएं।