बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय के बर्थडे के मौके पर एक प्यारी तस्वीर शेयर करते हुए एक इमोशनल नोट लिखा है। तो चलिए जानते हैं इस बारे में।
बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन (Abhishek Bachchan) की पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन ने 01 अक्टूबर 2020 को अपना 47वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर उन्हें फिल्मी सितारों से लेकर देश-विदेश से बधाई संदेश मिले। लेकिन कहते हैं ना कि एक पत्नी के लिए उसके पति द्वारा की गई चीजें उसके लिए बेहद खास होती है। ऐसा ही कुछ अभिषेक बच्चन ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या के बर्थडे पर किया, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
दरअसल, 01 अक्टूबर 2020 को अभिषेक बच्चन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन संग एक तस्वीर शेयर की। शेयर की गई फोटो में दोनों बेहद प्यारे लग रहे हैं, और उनके चेहरे पर एक प्यारी स्माइल साफ देखी जा सकती है। इस फोटो को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक इसे साढ़े चार लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। साथ ही कमेंट करके ऐश्वर्या को बर्थडे विश कर रहे हैं।
वहीं, इस तस्वीर के साथ ऐश्वर्या को बर्थडे विश करते हुए अभिषेक ने एक इमोशनल नोट भी लिखा। उन्होंने लिखा, 'हैपी बर्थडे वाईफी। हर एक चीज के लिए थैंक्यू। उस हर चीज के लिए जो तुमने हमारे लिए किया और उसकी अहमियत समझी। भगवान करे कि आप हमेशा ऐसी ही मुस्कुराती रहें, और खुश रहें। हम सब आपसे बहुत प्यार करते हैं। मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं।' (ये भी पढ़ें: नीता अंबानी की खूबसूरती के पीछे छुपा है ये राज, मां पूर्णिमा व बहन ममता से है कनेक्शन)
ऐश्वर्या को उनके जन्मदिन पर कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट समेत कई लोगों ने उन्हें बर्थडे विश किया। आलिया ने ऐश्वर्या को बर्थडे विश करते हुए लिखा, 'जन्मदिन मुबारक हो सुंदरी। उम्मीद करती हूं कि आपका दिन केक और आनंद से भरा होगा। आपको बड़ा वाला हग। वहीं, कैटरीना ने ऐश्वर्या को बर्थडे विश करते हुए लिखा, 'जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं उम्मीद करती हूं कि आपका ये साल ढेर सारी खुशियों से भरा रहे, और आपकी सारी इच्छाएं पूरी हों।'
अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन की पहली मुलाकात साल 1997 में हुई थी। दरअसल, तब ऐश्वर्या एक फिल्म कर रही थीं। इस दौरान अभिषेक अपने खास दोस्त और एक्टर बॉबी देओल से मिलने एक फिल्म के सेट पर गए थे, और तब ऐश्वर्या भी वहीं थीं। इसके बाद साल 2000 में ऐश्वर्या और अभिषेक ने फिल्म 'ढाई अक्षर प्रेम के' साथ में की। दोनों की जोड़ी को साल 2003 में एक और बार साथ में फिल्म 'कुछ न कहो' में देखा गया था। इसके बाद दोनों अच्छे दोस्त बन गए। दोनों की दोस्ती कब प्यार में तब्दील हो गई, इसके बारे में दोनों को पता ही नहीं चला। मगर फिर दोनों ने शादी करने का मन बना लिया। इसके बाद अभिषेक बच्चन ने ऐश्वर्या राय को साल 2007 में शादी के लिए प्रपोज किया था, और आज ये कपल एक बेटी आराध्या का पैरेंट्स है। (ये भी पढ़ें: पंजाबी-कश्मीरी रीति रिवाज से हुई थी काजल अग्रवाल की शादी, मंडप की फोटो शेयर कर बताया इसके बारे में)
ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन की शादी बच्चन परिवार के बंगले प्रतीक्षा में 20 अप्रेल 2007 में हुई थी। हालांकि, शादी से पहले दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर काफी उतार-चढ़ाव देखे थे। दरअसल दोनों की लव मैरिज थी, लेकिन अरेंज मैरिज की तरह दोनों की कुंडली भी मिलाई गई थी। इस बात की जानकारी बेहद कम लोगों को है कि ऐश्वर्या मांगलिक हैं, जिसकी वजह से अभिषेक से शादी से पहले उनकी शादी एक पेड़ से कराई गई थी। इसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुई थीं। यही नहीं, ऐश्वर्या और अभिषेक की शादी को लेकर एक ज्योतिष ने बोला था अभिषेक से पहले उन्हें पेड़ से शादी करनी होगी। इसलिए पति की अच्छी सेहत और लंबी उम्र के लिए और मांगलिक दोष को हटाने के लिए उन्हें पेड़ से शादी करनी पड़ी थी।
'वोग मैगजीन' को दिए एक इंटरव्यू में अभिषेक ने इस बात का खुलासा किया था कि झगड़ा होने पर दोनों में से कौन पहले सॉरी बोलता है। अभिषेक ने कहा था, 'मैं! महिलाएं सॉरी नहीं बोलतीं! लेकिन हमारा रूल है... हम लड़ाई के समय सोते नहीं हैं। सभी मर्दों की तरफ से मैं कहना चाहता हूं कि हम अधिकतर बार लड़ाई खत्म करके माफी इसलिए मांग लेते हैं, क्योंकि हमें बहुत नींद आ रही होती है, और हमें सोना होता है। वहीं, औरतें हमसे ऊपर होती हैं... वो हमेशा सही होती हैं। जितनी जल्दी पुरुष ये बात मान लें, उतना अच्छा है। इससे फर्क नहीं पड़ता कि आप क्या कहते हैं। आपके पास सबूत भी हो तो उनकी दुनिया में इसका कोई अस्तित्व नहीं है।' (ये भी पढ़ें: गौरव चोपड़ा ने बेटे संग फोटो शेयर कर लिखा इमोशनल मैसेज, एक्स गर्लफ्रेंड ने बरसाया प्यार)
फिलहाल, ऐश्वर्या राय बच्चन अपने पूरे परिवार के साथ अपनी जिंदगी को खुलकर एंजॉय कर रही हैं। तो आपको अभिषेक द्वारा शेयर की गई फोटो कैसी लगी? हमें कमेंट करके हमें जरुर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सुझाव हो तो हमें अवश्य दें।