यहां हम आपको सोशल मीडिया स्टार आशिका भाटिया की लव लाइफ से लेकर गजब के ट्रांसफॉर्मेशन तक के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया से पॉपुलैरिटी हासिल करने वाली आशिका भाटिया (Aashika Bhatia) टीवी शो 'परवरिश' में 'गुणवंत कौर अहलूवालिया' की भूमिका निभा चुकी हैं। उन्होंने फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' में सलमान खान की बहन का रोल भी निभाया था। हालांकि, अब फिल्मी पर्दे से दूर वह सोशल मीडिया के कुछ नामी चेहरों में से एक हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर 5.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
हाल ही में, अभिनेत्री ने अपने इंस्टा हैंडल पर एक सीक्रेट पोस्ट शेयर की, जिसने उनके फैंस के बीच हलचल पैदा कर दी कि आशिका एक वाइल्ड कार्ड प्रतियोगी के रूप में 'बिग बॉस ओटीटी 2' में शामिल होंगी। हालांकि, लोग उनके बारे में और ज्यादा जानकारी पाना चाहते हैं। तो चलिए हम आपको उनकी एजुकेशन से लेकर डेटिंग लाइफ व वेट लॉस जर्नी तक के बारे में बताते हैं।
आशिका भाटिया का जन्म 15 दिसंबर 1999 को गुजरात के सूरत में राकेश भाटिया और मीनू भाटिया के घर हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके माता-पिता दोनों बिजनेस से जुड़े हुए हैं। उनके पिता का सूरत में एक स्थानीय बिजनेस है, वहीं उनकी मां सूरत में ही एक सैलून की ऑनर हैं। हालांकि, आशिका अपनी मां के साथ मुंबई में रहती हैं, क्योंकि उनके पैरेंट्स का उनके बचपन में ही तलाक हो गया था। आशिका का एक छोटा भाई देव भाटिया भी है।
आशिका भाटिया ने अपनी स्कूली शिक्षा 'रयान इंटरनेशनल स्कूल' मुंबई से पूरी की और कथित तौर पर उन्होंने 11वीं कक्षा तक अपनी शिक्षा पूरी की थी। अभिनेत्री को डांस का बहुत शौक है, जिसकी झलक उनके सोशल मीडिया हैंडल से मिलती रहती है। आशिका ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत नौ साल की उम्र में टीवी शो 'मीरा' से की थी, जिसमें वह 'मीरा' के किरदार में नजर आई थीं। तब से उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
आशिका भाटिया की पर्सनल लाइफ की बात करें, तो यह हमेशा चर्चा का विषय रही है। खबरों के मुताबिक, आशिका ने साल 2019 में 'टिक टॉक' सेंसेशन सात्विक सांक्यान के साथ अपनी डेटिंग रिपोर्टों से हलचल मचा दी थी। इन दोनों की केमिस्ट्री भी फैंस को काफी पसंद आती थी। हालांकि, सात्विक के साथ उनका रिश्ता अच्छा नहीं चला और दोनों अलग हो गए।
इसके बाद एक्ट्रेस ने अपने बेस्ट फ्रेंड रोशन गुप्ता को डेट करना शुरू कर दिया। हालांकि, उनका रिश्ता भी ज्यादा नहीं चल पाया और वे भी अलग हो गए। रोशन के साथ ब्रेकअप के तुरंत बाद, आशिका को बड़े पैमाने पर आलोचना का सामना करना पड़ा, क्योंकि उन्होंने अन्य लड़कों के साथ वीडियो पोस्ट किए थे। इसने नेटिज़ंस को परेशान कर दिया और उन्होंने आशिका पर तेजी से मूव ऑन करने पर सवाल उठाए थे।
जिस पर आशिका ने खुद जवाब दिया था। उन्होंने अपनी एक पोस्ट में ब्रेकअप पर सफाई देते हुए लिखा था, "मेरा और रोशन (रोशन) का ब्रेकअप आपसी समझ पर हुआ था। इसलिए हम ठीक हैं। हमने इसे खत्म कर दिया और अब भी हमारे बीच अच्छा रिश्ता है। हम अब दोस्त हैं। इसलिए, कमेंट करना और नफरत फैलाना बंद करें। मुझे तो फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि अब मुझे इसकी आदत हो गई है, लेकिन कुछ ऐसे लोग हैं, जिनको फर्क पड़ता है।''
हालांकि, अभी तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि वह अब किसी को डेट कर रही हैं या नहीं, क्योंकि इससे पहले इंस्टा पर एक लाइव सेशन में जब आशिका के एक फैन ने उनसे पूछा था कि क्या वह सिंगल हैं या किसी को डेट कर रही हैं? तो इसके जवाब में एक्ट्रेस ने कहा था कि वह अभी सिंगल हैं और अभी सिर्फ अपने करियर पर फोकस कर रही हैं।
आशिका भाटिया अपने रिलेशनशिप के अलावा, फैट से फिट होने के अपने गजब के ट्रांसफॉर्मेशन के लिए भी चर्चा में रही हैं। एक साल के भीतर अभिनेत्री का वजन 62 किलोग्राम से 50 किलोग्राम हो गया। दरअसल, पहले एक्ट्रेस को अपने ज्यादा वजन को लेकर जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता था। हालांकि, अभिनेत्री ने कभी इस पर ध्यान नहीं दिया और वह खुद से प्यार करती थीं, लेकिन फिर भी उन्होंने कुछ वजन कम करने का फैसला किया और अपनी वेट लॉस जर्नी से सबको चौंका दिया। आशिका भाटिया का ट्रांसफॉर्मेशन वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें।
उन्होंने एक बार 'ईटाइम्स' के साथ हुए एक इंटरव्यू में वेट लॉस जर्नी के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था, "हमेशा याद रखें कि हममें से हर कोई वैसे ही सुंदर है जैसे हम हैं। कोई भी आपसे इसे छीन नहीं सकता है या कुछ भी नहीं कह सकता है। अपने मन की शांति के लिए ऐसे लोगों को अनदेखा करना सबसे अच्छा है। इसलिए, बस खुश रहें और याद रखें 'आप सुंदर हैं' जैसे आप हैं।"
हालांकि, आशिका भाटिया को उनके जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन के लिए सराहना के साथ-साथ ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा था। दरअसल, कुछ नेटिजंस ने दावा किया था कि अभिनेत्री ने किसी तरह की सर्जरी करवाई थी। कुछ लोगों ने वजन घटाने की अपनी जर्नी को लेकर आशिका पर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया था। यहां देखें कमेंट्स।
इस समय आशिका के 'बिग बॉस ओटीटी 2' में शामिल होने की अफवाहें हैं। दरअसल, यह सब तब शुरू हुआ, जब 11 जुलाई 2023 को आशिका ने अपनी इंस्टा स्टोरीज पर एक पोस्ट में लिखा, "जिंदगी में एक बड़ा बदलाव आने वाला है! कुछ समय के लिए सोशल मीडिया से दूर रहूंगी। दूसरी तरफ मिलते हैं... लव आशिका भाटिया।" इसके तुरंत बाद, उन्होंने अपनी मां की स्टोरी भी शेयर की, जिसमें आशिका को 'बिग बॉस' के घर में 'जनता का पसंदीदा' में दिखाया गया था।
वैसे, इसमें कोई शक नहीं कि आशिका एक खूबसूरत एक्ट्रेस होने के साथ-साथ काफी टैलेंटेड भी हैं। फिलहाल, हमें 'बिग बॉस ओटीटी 2' में उनके आने का इंतजार है। तो उनके बारे में ये जानकारियां आपको कैसी लगीं? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।